Model Road Gurugram : महावीर चौक से आया नगर तक बदलेगी एमजी रोड की सूरत, जानें क्या है मॉडल सड़क प्लान

जीएमडीए को सड़कों पर शोधित पानी (Treated Water) के छिड़काव का दायरा बढ़ाने और सेंट्रल वर्ज को हरा-भरा रखने के आदेश दिए गए हैं।

Model Road Gurugram : साइबर सिटी में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए नगर निगम और जीएमडीए (GMDA) ने अब अपनी रणनीति और सख्त कर दी है। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बुधवार को हुई एक उच्च स्तरीय समन्वय बैठक में स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के उपायों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय महरौली-गुरुग्राम रोड (महावीर चौक से आया नगर बॉर्डर तक) को ‘मॉडल सड़क’ के रूप में विकसित करना रहा। इस योजना के तहत:

  • सड़क किनारे से सभी तरह के अतिक्रमण और अवैध रेहड़ी-पटरी हटाई जाएंगी।

  • ग्रीन बेल्ट और फुटपाथों का सौंदर्यीकरण होगा।

  • नियमित सफाई के साथ कचरा और ‘सी एंड डी’ वेस्ट का तत्काल निस्तारण किया जाएगा।

  • ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से सख्त पार्किंग नियम लागू होंगे।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि शहर के बस क्यू शेल्टर, अंडरपास और फ्लाईओवर की दीवारों पर जमी धूल को हटाने के लिए उनकी नियमित धुलाई की जाए। जीएमडीए को सड़कों पर शोधित पानी (Treated Water) के छिड़काव का दायरा बढ़ाने और सेंट्रल वर्ज को हरा-भरा रखने के आदेश दिए गए हैं।

बैठक में एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप (APAG) ने बताया कि सर्वे में मिली 10,436 शिकायतों में से अब तक 7,387 का निस्तारण कर दिया गया है। निगमायुक्त ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि अधिकारी शिकायतों के समाधान की ‘गलत रिपोर्ट’ कतई न दें। यदि किसी ने कागजों पर काम दिखाकर गुमराह करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रदूषण रोकने के अन्य प्रमुख कदम:

  1. एंटी स्मॉग गन: ऊंची इमारतों पर एंटी स्मॉग गन लगाना अनिवार्य होगा।

  2. गाद का उठान: सीवरेज सफाई के दौरान निकली गाद को तुरंत मौके से हटाने के निर्देश।

  3. जागरूकता: जनता को कार पूलिंग और सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करना।

  4. सख्त चालान: नियमों का उल्लंघन करने वालों और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर भारी जुर्माना लगेगा।

“हमारा उद्देश्य न केवल सड़कों को धूल मुक्त करना है, बल्कि गुरुग्राम के नागरिकों को सांस लेने के लिए स्वच्छ हवा प्रदान करना है। विभागों के बीच समन्वय से ही ‘मॉडल रोड’ और ‘क्लीन सिटी’ का सपना पूरा होगा।”प्रदीप दहिया, आयुक्त, नगर निगम गुरुग्राम

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button