Mission Bright In Gurugram : दिवाली से पहले रोशन होगी साइबर सिटी, गुरुग्राम में लगेंगी 10 हजार नई स्ट्रीट लाइट्स

निगम का मानना है कि पर्याप्त रोशनी से रात में यातायात सुगम होगा और अपराधों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।  एजेंसियों को जल्द ही इन लाइटों को लगाने और उनके रखरखाव का काम सौंपा जाएगा, जिससे दीवाली से पहले यह काम पूरा हो सके।

Mission Bright In Gurugram : इस दीवाली पर साइबर सिटी गुरुग्राम जगमगा उठेगी। नगर निगम ने शहर को रोशन करने के लिए ‘मिशन ब्राइट गुरुग्राम’ के तहत 10,000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना बनाई है। इन लाइटों के लगने से न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, इन नई लाइटों को शहर के उन इलाकों में प्राथमिकता दी जाएगी जहाँ अंधेरा रहता है। इसमें हाल ही में निगम में शामिल हुई नई बिल्डर कॉलोनियां और 16 गाँव शामिल हैं। नागरिकों, आरडब्ल्यूए और पार्षदों की लंबे समय से चली आ रही माँग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

पिछले दिनों भी नगर निगम ने 6,000 स्ट्रीट लाइटें लगाई थीं, जिससे कई इलाकों को फायदा मिला। अब 10,000 नई लाइटें और लगने से शहर के बड़े हिस्से को अंधेरे से मुक्ति मिलने की उम्मीद है। मेफिल्ड गार्डन, मालिबु टाउन, सुशांत लोक-2, सुशांत लोक-3, ग्रीनवुड सिटी, रोजवुडसिटी और डीएलएफ फेज-4 व 5 जैसी प्रमुख कॉलोनियों में भी रोशनी की व्यवस्था बेहतर होगी।

गुरुग्राम में पहले से ही 1 लाख से अधिक स्ट्रीट लाइटें लगी हैं, जिनमें से 20,000 को सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (CCMS) से जोड़ा गया है। इससे लाइटों की निगरानी और रखरखाव आसान हुआ है।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी कोई स्ट्रीट लाइट खराब मिलती है, तो उसकी शिकायत तुरंत नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 18001801817 पर करें, ताकि उसे जल्द से जल्द ठीक किया जा सके।

निगम का मानना है कि पर्याप्त रोशनी से रात में यातायात सुगम होगा और अपराधों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।  एजेंसियों को जल्द ही इन लाइटों को लगाने और उनके रखरखाव का काम सौंपा जाएगा, जिससे दीवाली से पहले यह काम पूरा हो सके।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button