Metro Update : गुरुग्राम मेट्रो के पिलर का काम शुरू, बख्तावर चौक पर बनेगा 6-लेन अंडरपास, जानें ताजा स्टेटस
वर्तमान में GMRL और ट्रैफिक पुलिस मिलकर रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर रहे हैं, ताकि निर्माण के दौरान जनता को कम से कम परेशानी हो। प्लान फाइनल होते ही चौक पर बेरिकेडिंग कर काम शुरू कर दिया जाएगा।

Metro Update : मिलेनियम सिटी में मेट्रो के विस्तार का सपना अब धरातल पर आकार लेने लगा है। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। सेक्टर-44 से शुरू हुआ पाइल कैप कास्टिंग का काम अब साइबर पार्क तक पहुंच गया है, जिससे यह साफ है कि जल्द ही शहरवासियों को सड़क पर मेट्रो के पिलर खड़े दिखाई देने लगेंगे।
GMRL के अनुसार, मेट्रो निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ियों में से एक ‘पाइल कैप’ का काम तेजी से किया जा रहा है। तकनीकी रूप से पाइल कैप कंक्रीट का वह मजबूत ढांचा होता है, जो जमीन के नीचे मौजूद पाइल्स को जोड़ता है और जिसके ऊपर मेट्रो का पिलर खड़ा किया जाता है।
मंगलवार को साइबर पार्क के पास इस महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत हुई। इस मौके पर GMRL के प्रोजेक्ट निदेशक आरएस सांगवान सहित निर्माण कंपनी दिलीप बिल्डकॉन और रंजीत बिल्डकॉन के इंजीनियर मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ हफ्तों में बेरिकेडिंग के भीतर से पिलर ऊपर आते दिखने लगेंगे।
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत बख्तावर चौक के कायाकल्प की तैयारी भी पूरी हो चुकी है। यातायात को सुगम बनाने के लिए यहां एक 6-लेन का अंडरपास बनाया जाएगा। GMRL को इस निर्माण के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिल चुका है। (Metro Update)
वर्तमान में GMRL और ट्रैफिक पुलिस मिलकर रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर रहे हैं, ताकि निर्माण के दौरान जनता को कम से कम परेशानी हो। प्लान फाइनल होते ही चौक पर बेरिकेडिंग कर काम शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें कि मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक मेट्रो का जाल बिछाया जाना है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक का काम प्राथमिकता पर चल रहा है। इस कॉरिडोर के तैयार होने से ओल्ड गुरुग्राम और न्यू गुरुग्राम के बीच कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी। (Metro Update)









