Gurugram में मेगा इंडस्ट्रियल प्लान: HSIIDC 1800 एकड़ में विकसित करेगा 3 नए औद्योगिक हब, 12 गांव होंगे शामिल
हरियाणा सरकार की यह योजना रोजगार के अवसर बढ़ाने और औद्योगिक विस्तार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Gurugram : हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) ने जिले में तीन नए औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए करीब 12 गांवों से लगभग 1800 एकड़ भूमि को चिन्हित किया गया है, जिसे निगम ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से जमीन मालिकों से सीधे खरीदने की योजना बना रहा है।
भूमि की खरीद प्रक्रिया जमीन के मालिकों की मंज़ूरी और बातचीत के आधार पर होगी, जिसमें सरकार सीधे उन किसानों और जमीन मालिकों से समझौता करेगी जिन्होंने अपने प्लॉट का विवरण ई-भूमि पोर्टल पर दर्ज कराया है। यह प्रक्रिया पारंपरिक भूमि अधिग्रहण की तुलना में अधिक सहमति आधारित बताया जा रहा है।
पहले औद्योगिक क्षेत्र को पटौदी में लगभग 750 एकड़ में विकसित किया जाएगा, जिसमें रामपुर, जनौला, जोरी और जटोला गाँवों की भूमि शामिल है। दूसरा क्षेत्र पटौदी-फर्रुखनगर कॉरिडोर में 500 एकड़ पर होगा, जबकि तीसरा औद्योगिक हब फर्रुखनगर-हरसरू के पास 550 एकड़ भूमि पर विकसित करने का प्रस्ताव है।
हरियाणा सरकार की यह योजना रोजगार के अवसर बढ़ाने और औद्योगिक विस्तार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि इन औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और निवेशकों के लिए अधिक अवसर पैदा होंगे।