MCG Team पर हमला: पथराव और जान से मारने की धमकी, दो थानों में FIR दर्ज
आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर माह में विशेष अभियान के तहत कुल 422 पशुओं को शहर की सड़कों से पकड़कर गौशालाओं और नंदीशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया गया है।

MCG Team : साइबर सिटी गुरुग्राम को आवारा पशुओं से मुक्त करने के अभियान में जुटी नगर निगम की टीम पर हमले की सनसनीखेज वारदातें सामने आई हैं। शहर के सेक्टर-56 और न्यू कॉलोनी इलाकों में पशु पकड़ने गई टीम के साथ न केवल गाली-गलौज और मारपीट की गई, बल्कि आरोपियों ने सरकारी वाहन पर हमला कर पशुओं को जबरन छुड़ा लिया। नगर निगम की शिकायत पर पुलिस ने दो अलग-अलग थानों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नगर निगम के सहायक सैनिटरी इंस्पेक्टर आकाश ने थाना सेक्टर-56 में दी शिकायत में बताया कि जब उनकी टीम गायों को पकड़ने की ड्यूटी कर रही थी, तभी कुछ स्थानीय युवकों ने सरकारी काम में बाधा डाली। आरोपियों ने बाइकों पर सवार होकर टीम का रास्ता रोका और कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। जब टीम ने पशुओं को गाड़ी में लादने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें डरा-धमकाकर भगा दिया। पुलिस ने इस मामले में भीम, तरुण, सन्नी, रितिक और संजय के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
दूसरी वारदात न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुई। यहाँ निगम की टीम पर अज्ञात हमलावरों ने उस समय हमला कर दिया जब वे आवारा गायों को पकड़कर ले जा रहे थे। उपद्रवियों ने निगम की गाड़ी को घेर लिया, कर्मचारियों के साथ हाथापाई की और गाड़ी में मौजूद पशुओं को जबरन खोलकर भगा दिया। पुलिस को इस घटना के वीडियो साक्ष्य भी सौंपे गए हैं, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान कर है।
हमलों और बाधाओं के बावजूद नगर निगम का अभियान थमा नहीं है। आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर माह में विशेष अभियान के तहत कुल 422 पशुओं को शहर की सड़कों से पकड़कर गौशालाओं और नंदीशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया गया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़कें सुरक्षित और जाम मुक्त रखने के लिए यह अभियान भविष्य में और भी तेज किया जाएगा।
नगर निगम ने पशुपालकों को कड़ी चेतावनी दी है कि वे अपने पशुओं को सड़कों पर खुला न छोड़ें। सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। निगम अब पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सुरक्षा घेरे में पशु पकड़ने की कार्रवाई करेगा ताकि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।









