MCG News : दस महीनों में बंधवाड़ी लैंडफिल साइट से खत्म होगा कूड़ा: विपुल गोयल

मंत्री गोयल ने कहा कि लिगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) के निपटान की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है और मानसून के बाद यह काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस कदम से बंधवाड़ी क्षेत्र की कायापलट हो जाएगी और स्थानीय लोगों को प्रदूषण से राहत मिलेगी।

MCG News :  हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने घोषणा की है कि गुरुग्राम को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में को गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर स्थित बंधवाड़ी कचरा प्रबंधन साइट पर एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।

शनिवार को आयोजित वृक्षारोपण अभियान में शामिल होते हुए मंत्री गोयल ने बताया कि अगले आठ से दस महीनों में यह साइट पूरी तरह से कचरा मुक्त हो जाएगी।

अभियान के तहत साइट पर व्यू कटर स्थापित किया गया है और इसके साथ-साथ सड़क और व्यू कटर के बीच के हिस्से में उपयुक्त पेड़-पौधे लगाए गए हैं। यह पहल इस क्षेत्र की सुंदरता और हरियाली को बढ़ाने का काम कर रही है। वृक्षारोपण कार्यक्रम में सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा और नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। सभी ने मिलकर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मंत्री गोयल ने कहा कि लिगेसी वेस्ट (पुराने कचरे) के निपटान की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है और मानसून के बाद यह काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस कदम से बंधवाड़ी क्षेत्र की कायापलट हो जाएगी और स्थानीय लोगों को प्रदूषण से राहत मिलेगी।

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने बताया कि 30 सितंबर के बाद फरीदाबाद का कचरा बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर नहीं लाया जाएगा। यहां सिर्फ गुरुग्राम के कचरे का ही निपटान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निगम का लक्ष्य है कि शहर के हर नागरिक को एक स्वच्छ वातावरण मिले। यह कदम बंधवाड़ी साइट के भार को कम करने और उसके प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद करेगा। यह सब प्रयास गुरुग्राम को एक स्वच्छ, सुंदर, हरित और बेहतर शहर बनाने के सरकारी संकल्प का हिस्सा हैं।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button