Yamuna Expressway Accident : घने कोहरे ने मचाई तबाही, कई कारों और बसों में आपस भिड़ने से लगी आग, कई लोग जिंदा जले,150 घायल
डीएम ने बताया कि हादसा बलदेव थाना क्षेत्र में हुआ। रेस्क्यू ऑपरेशन तत्काल शुरू कर दिया गया है। पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनएचएआई और एसडीआरएफ की टीमें आग बुझाने और मलबे में दबे घायलों को बाहर निकालने में जुटी हुई हैं।

Yamuna Expressway Accident : मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के करीब 4 बजे घना कोहरा काल बनकर आया। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से माइलस्टोन 127 के पास एक के बाद एक 7 बसें और 3 कारें आपस में भीषण रूप से टकरा गईं। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि भिड़ंत के तुरंत बाद कई गाड़ियों में आग लग गई, जिससे एक बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 4 लोगों की जलकर मौत हो जाने की पुष्टि हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहित प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा।
डीएम ने बताया कि हादसा बलदेव थाना क्षेत्र में हुआ। रेस्क्यू ऑपरेशन तत्काल शुरू कर दिया गया है। पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनएचएआई और एसडीआरएफ की टीमें आग बुझाने और मलबे में दबे घायलों को बाहर निकालने में जुटी हुई हैं।
पास के गांव के प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि टक्कर होते ही ऐसा लगा जैसे कई तेज धमाके हुए हों। धमाकों की आवाज सुनकर पूरा गांव आनन-फानन में घटनास्थल की ओर भागा और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। करीब 20 एंबुलेंस की मदद से 100 से 150 लोगों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है।
हादसे के एक अन्य चश्मदीद जो एक कार में जौनपुर से दिल्ली जा रहे थे, उन्होंने बताया कि अंधेरा और कोहरा बहुत था। हमारी गाड़ी में अचानक आवाज़ आई, तो हम आनन-फानन में कार का गेट खोलकर नीचे उतरे। जैसे ही हम उतरे, पीछे से एक-एक करके कई बसें टकराने लगीं। मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग बस से उतरने की जद्दोजहद कर रहे थे और कुछ शीशा तोड़कर बाहर कूद रहे थे।
अयोध्या से दिल्ली जा रहे एक सफारी कार सवार युवक ने बताया कि जोरदार झटका लगने से उनकी कार टकरा गई, जबकि कार में बैठे बाकी लोग सो रहे थे। एक चश्मदीद महिला ने बताया कि टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही पलों में बसों और कारों से आग की लपटें उठने लगीं।
हादसे में कई गाड़ियां पूरी तरह से जलकर राख हो गई हैं, जिससे संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे हताहत लोगों की सही संख्या की गिनती अभी ज़ारी है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कोहरे के मौसम में अत्यंत धीमी गति से चलें और फॉग लाइट्स का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।








