Manesar Road Rage : नशे में धुत प्रोपर्टी डीलरों ने कारोबारी दंपती पर किया जानलेवा हमला, फ्लाईओवर से नीचे फेंकने की कोशिश
साउथ सिटी-2 निवासी पूजा जैन ने बताया कि वह अपने पति सुनील राघव के साथ बावल स्थित अपने स्टार्टअप से घर लौट रही थीं।

Manesar Road Rage : दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर बीती रात रोड रेज की एक रूह कपा देने वाली वारदात सामने आई। बावल से अपना काम निपटाकर लौट रहे एक स्टार्टअप कारोबारी दंपती पर नशे में धुत दो युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल दंपती के साथ मारपीट की, बल्कि कारोबारी को फ्लाईओवर से नीचे फेंकने का प्रयास भी किया। पुलिस की तत्परता से दंपती की जान बच सकी। आरोपियों की कार से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद हुई है।
साउथ सिटी-2 निवासी पूजा जैन ने बताया कि वह अपने पति सुनील राघव के साथ बावल स्थित अपने स्टार्टअप से घर लौट रही थीं। मानेसर पॉलिटेक्निक के पास एक बलेनो कार (UP14FB5754) में सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की। जब दंपती ने उन्हें रोकने का इशारा किया, तो आरोपियों ने अपनी कार अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया।
पूजा के अनुसार, कार से उतरते ही आरोपियों ने उनके पति सुनील पर हमला कर दिया और उन्हें पुल से नीचे धकेलने लगे। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने पूजा पर भी हाथ उठाया और भागते समय दंपती पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पूजा ने तुरंत महिला हेल्पलाइन 1091 पर कॉल किया। पुलिस की EVR टीम ने मौके पर पहुँचकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस ने जब आरोपियों की गाड़ी की तलाशी ली, तो डैशबोर्ड से एक अवैध पिस्तौल बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अजय (गाजियाबाद) और मनोज शर्मा (दिल्ली) के रूप में हुई है। मेडिकल जांच (DVI Test) में मुख्य आरोपी अजय के शरीर में अल्कोहल की भारी मात्रा पाई गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और ड्रंकन ड्राइविंग की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।