Manesar News: जलभराव रोकने की तैयारी, शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
आयुक्त आयुष सिन्हा ने रामपुरा चौक, आईएमटी चौक और गांव नखड़ौला जैसे प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि इन सभी जगहों पर जल निकासी के लिए अस्थाई पंप लगाए गए हैं।

Manesar News: नगर निगम मानेसर ने मानसून के दौरान संभावित जलभराव की समस्या से निपटने के लिए कमर कस ली है। नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने मंगलवार को मानेसर के विभिन्न जलभराव संभावित इलाकों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में पानी का जमाव नहीं होना चाहिए, ताकि आम जनता को कोई परेशानी न हो।
आयुक्त आयुष सिन्हा ने रामपुरा चौक, आईएमटी चौक और गांव नखड़ौला जैसे प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि इन सभी जगहों पर जल निकासी के लिए अस्थाई पंप लगाए गए हैं।

आयुक्त ने अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी मेहनत की वजह से सोमवार को हुई भारी बारिश के बावजूद निगम क्षेत्र में कहीं भी बड़े जलभराव की स्थिति नहीं बनी। अधिकारियों ने देर रात तक पंप सेटों का उपयोग कर पानी की निकासी की, जिससे मानेसर में यातायात पूरी तरह से सुचारू रहा।
आयुक्त ने यह भी सुनिश्चित किया कि जलभराव या पेड़ गिरने जैसी किसी भी आपात स्थिति में नागरिक सीधे निगम से संपर्क कर सकें। उन्होंने इसके लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं: 0124-2012232 और 9773797486। इन नंबरों पर किसी भी प्रकार की असुविधा की सूचना दी जा सकती है।










