Inter State Crime सिंडिकेट्स पर होगी सख्ती : दिल्ली, यूपी, राजस्थान, हरियाणा पुलिस ने गुरुग्राम में तैयार किया एक्शन प्लॉन

बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न गंभीर अपराधों/अपराधियों के खिलाफ प्रभावी और संयुक्त कार्यवाही सुनिश्चित करना था। विशेष रूप से, सक्रिय गैंगस्टरों और उनके अपराध करने के तरीकों, अवैध हथियारों की सप्लाई/तस्करी, तथा मादक पदार्थों के अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

Inter State Crime : पुलिस आयुक्त (सीपी) विकास अरोड़ा  की अध्यक्षता में एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय समन्वय मीटिंग (Interstate Coordination Meeting) का आयोजन किया गया। इस बैठक में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा की एसटीएफ यूनिट्स, स्पेशल सेल और विभिन्न क्राइम टीमों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न गंभीर अपराधों/अपराधियों के खिलाफ प्रभावी और संयुक्त कार्यवाही सुनिश्चित करना था। विशेष रूप से, सक्रिय गैंगस्टरों और उनके अपराध करने के तरीकों, अवैध हथियारों की सप्लाई/तस्करी, तथा मादक पदार्थों के अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए एक ठोस, टाइम-बाउंड प्रोटोकॉल पर सहमति बनी। निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई:

सभी राज्यों में सक्रिय कुख्यात अपराधियों, गैंगस्टरों, और फरार आरोपियों की सूची, वर्तमान लोकेशन, मूवमेंट पैटर्न, वित्तीय स्रोतों और नेटवर्क की अद्यतन जानकारी साझा करने का निर्णय लिया गया। उच्च-जोखिम वाले अपराधियों के डिजिटल फुटप्रिंट, तकनीकी सर्विलांस, और अनलाइंड नेटवर्क की मॉनिटरिंग को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

देश के अंदर और बाहर से हथियारों की तस्करी के स्रोत, मार्ग, आपूर्तिकर्ताओं, अवैध फैक्ट्रियों और डिलीवरी के तरीकों (modus operandi) की जानकारी साझा कर, इस सप्लाई चेन को निर्णायक रूप से ध्वस्त करने की रणनीति तैयार की गई। मादक पदार्थों की तस्करी में लगे अंतरराज्यीय गिरोहों, कैरियर्स, ट्रांजिट पॉइंट्स, और फाइनेंसरों की विस्तृत जानकारी साझा करके, नशाखोरी के खिलाफ निर्णायक प्रहार करने का संकल्प लिया गया।

सोशल मीडिया धमकी, वर्चुअल नंबरों का उपयोग, क्रिप्टोकरेंसी आधारित लेन-देन और विदेश से संचालित नेटवर्क जैसे गैंगस्टरों द्वारा उपयोग किए जा रहे नए तरीकों को ध्वस्त करने के लिए सभी के सुझावों को लागू करने पर सहमति बनी।

सीपी गुरुग्राम विकास अरोड़ा ने बैठक के सफल समापन पर जोर देते हुए कहा कि संगठित अपराधों के खिलाफ ठोस एवं तेज कार्यवाही करने के लिए सभी राज्य संकल्पित हैं।

इस महत्वपूर्ण बैठक में हरियाणा की ओर से सतीश बालन आईपीएस (आईजी एसटीएफ) और वसीम अकरम आईपीएस (एसटीएफ), दिल्ली से  संजीव कुमार यादव (डीसीपी क्राइम), उत्तर प्रदेश से  राजकुमार मिश्रा (एसटीएफ नोएडा), और राजस्थान से सुनील जांगिड़ (एसटीएफ राजस्थान) सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी राज्यों ने भविष्य में भी ऐसी बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने और आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button