IMD Weather Update: हरियाणा, यूपी, राजस्थान समेत इन राज्यों में मानसून ने दिखाया विकराल रूप, फटाफट चेक करें आज का वेदर
देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश का दौर शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब उत्तर भारत में भी एक्टिव हो चुका है

IMD Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश का दौर शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब उत्तर भारत में भी एक्टिव हो चुका है। मॉनसून अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, और पंजाब के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है।
IMD के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के बाकी हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थिति में है। ऐसे में भारी बारिश के साथ मानसून की एंट्री हो सकती है।
दिल्ली में आज का मौसम :
दिल्ली से मॉनसून इस बार रूठा-रूठा सा लग रहा है। IMD के मुताबिक, मॉनसून सालों बाद धीमी शुरुआत के साथ राजधानी दिल्ली में एंट्री कर सकता है। इसके बाद अगले हफ्ते से बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है।
NCR में आज का मौसम :
IMD के अनुसार 27 जून से NCR में बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 1 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, लेकिन उमस से अभी राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 30 जून तक लगातार बारिश के आसार हैं। 27 और 29 जून को फिर से गरज-चमक के साथ बारिश होगी, वहीं 28 और 30 जून को बादलों से घिरे आकाश के बीच मध्यम बारिश की संभावना है।
हरियाणा में आज का मौसम:
हरियाणा में मॉनसून एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 जून को पंचकुला, अंबाला, करनाल और यमुनानगर में तेज बारिश का संकेत दिया है। इसके अलावा सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, कैथल ,रोहतक, जींद, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, सिरसा में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।
पंजाब में आज का मौसम :
IMD के अनुसार पंजाब में मॉनसून की एंट्री हो चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 30 जून तक राज्य के अधिकतर जिलों में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार है। मौसम विभाग के अनुसार, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला,पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली, जिला गुरदासपुर, अमृतसर, लुधियाना, कपूरथला, मानसा और संगरूर सहित कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में आज का मौसम :
पूरे राजस्थान में मॉनसून सक्रिय है। दक्षिणी राजस्थान के बाद अब पूर्वी राजस्थान के सभी जिलों में भी मॉनसूनी बारिश शुरू हो गई है। गुरुवार 27 जून से मॉनसून की बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राजस्थान के 23 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
UP में आज का मौसम:
UP में तेजी से मॉनसून आगे बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान पूरे UP को अपनी चपेट में ले लेने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान मौसमी परिस्थितियां दक्षिण-पश्चिम मानसून के शेष उत्तर पश्चिमी हिस्सों में भी पहुंचने के लिए पूरी तरह अनुकूल हैं। इससे आगामी दिनों में यूपी में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी और भारी बारिश की भी आशंका है।
हिमाचल प्रदेश में आज का मौसम:
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून सक्रिय होने से लगातार भारी बारिश हो रही है। हिमाचल में मॉनसून 27 जून को बहुत प्रभावी रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य में 30 जून तक लगातार बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। प्रदेश में 27 जून को अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
उत्तराखंड में आज का मौसम:
उत्तराखंड में मॉनसून ने दस्तक देते ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 27 जून से 30 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।