Gurugram की सड़कों पर स्टंट किया तो खैर नहीं, सीधे रद्द होगा लाइसेंस और वाहन का रजिस्ट्रेशन, पुलिस की चेतावनी
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पे खुद संज्ञान लेते हुए थाना DLF फेज-3 में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है।

Gurugram : साइबर सिटी की सड़कों पर रफ़्तार के साथ जानलेवा स्टंट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे (NH-48) का है, जहां एंबियंस मॉल के ठीक सामने एक युवक द्वारा खतरनाक तरीके से बाइक का अगला टायर उठाकर (Wheely) स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियों को हजारों लोगों ने सोशल मीडिया पर देखा और पुलिस से कार्रवाई करने की मांग भी की गई।
हाल ही में गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर जाम की समस्या को सुलझाने के लिए एंबियंस मॉल के पास नए बैरिकेड्स लगाए थे और डेडिकेटेड लेन बनाई थीं। इस योजना का उद्देश्य एंबियंस मॉल, शंकर चौक और इफ्को चौक जाने वाले ट्रैफिक को अलग-अलग रास्तों में विभाजित करना था।
हैरानी की बात यह है कि जाम कम करने के लिए छोड़ी गई इस खाली जगह का इस्तेमाल अब बाइकर्स स्टंट करने के लिए कर रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक्सप्रेसवे पर भारी ट्रैफिक के बीच युवक तेज रफ्तार में बाइक के अगले पहिये को उठाकर स्टंट कर रहा है, जिससे न केवल उसकी अपनी जान को खतरा है, बल्कि पीछे चल रहे अन्य वाहन चालकों के लिए भी बड़ी दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है।
गुरुग्राम पुलिस की सख्त कार्रवाई:
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पे खुद संज्ञान लेते हुए थाना DLF फेज-3 में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। वीडियो और अपलोड़ करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी जुटाई जा रही है। स्टंट करने वाले बाइकर्स की पहचान कर उनको गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सड़क पर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भारी चालान के साथ आपराधिक मामला भी दर्ज होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का पंजीकरण (RC) रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि वे कहीं भी ऐसी खतरनाक ड्राइविंग या स्टंटबाजी देखते हैं, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी एक सूचना किसी मासूम की जान बचा सकती है।









