Domestic Violence का खौफनाक केस: शराब के विवाद में पति ने पत्नी को लगाई आग
गंभीर रूप से झुलसने के बाद नीतू को तत्काल सोहना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे गुरुग्राम और फिर रोहतक स्थित पीजीआई रेफर कर दिया, जहाँ सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

Domestic Violence : गांव रायसीना में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने आठ दिन तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद सोमवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 30 नवंबर की रात रायसीना गांव निवासी नीतू (बदला हुआ नाम) का अपने पति आनंद से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। पुलिस को दिए बयान में नीतू ने बताया था कि उसका पति आनंद शराब का आदी है। झगड़ा इतना बढ़ गया कि कथित तौर पर आनंद ने नीतू पर पेट्रोल छिड़क दिया और उसे आग लगा दी।
गंभीर रूप से झुलसने के बाद नीतू को तत्काल सोहना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे गुरुग्राम और फिर रोहतक स्थित पीजीआई रेफर कर दिया, जहाँ सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृतका के बयान के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। भोंडसी थाना पुलिस ने आरोपी पति आनंद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
भोंडसी थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “हमने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच चल रही है और जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।”









