Accident on Highway : मानेसर फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक में घुसा कैंटर, 3 की दर्दनाक मौत

रात करीब 2 बजे जब वे मानेसर फ्लाईओवर पर पहुँचे, तो सड़क के बीचों-बीच एक खराब कंटेनर ट्रक (HR 47G 4211) खड़ा था।

Accident on Highway : गुरुग्राम के आईएमटी (IMT) मानेसर स्थित फ्लाईओवर पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-48 पर बिना किसी संकेत (इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर) के खड़े एक खराब कंटेनर ट्रक में पीछे से आ रहे कैंटर की जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि कैंटर में सवार चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, मृतक शंकर बिंद (चालक) अपने साथी सुनील कुमार और रामराज के साथ कैंटर लेकर भिवाड़ी से दिल्ली जा रहे थे। शंकर का भाई दुर्गा प्रसाद भी अपनी गाड़ी लेकर उनके पीछे चल रहा था।

रात करीब 2 बजे जब वे मानेसर फ्लाईओवर पर पहुँचे, तो सड़क के बीचों-बीच एक खराब कंटेनर ट्रक (HR 47G 4211) खड़ा था। ट्रक चालक ने न तो पार्किंग लाइट जलाई थी और न ही कोई रिफ्लेक्टर लगाया था। अचानक सामने वाली गाड़ी के हटने से शंकर को खड़ा ट्रक नहीं दिखा और उनकी गाड़ी सीधे उसमें जा घुसी।

हादसे के बाद कैंटर का अगला हिस्सा कंटेनर के नीचे बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही मानेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से गाड़ियों को अलग किया गया। कैंटर के केबिन में फंसे तीनों व्यक्तियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ (मृत) घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान शंकर बिंद, सुनील कुमार और रामराज (निवासी बलिया, यूपी) के रूप में हुई है।

पुलिस ने कंटेनर ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 और 106 के तहत लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक की तलाश कर रही है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button