Haryana में फिर गांव के नाम में होगा बदलाव, Gurugram के इस गांव का नाम होगा ‘श्री राम नगर’

Haryana : गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर नगर पालिका ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए शहर का नाम बदलकर ‘श्रीराम नगर’ करने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। शुक्रवार को अध्यक्ष बीरबल सैनी की अध्यक्षता में हुई विशेष बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से मंजूर हुआ। पार्षदों और स्थानीय निवासियों ने इस निर्णय को शहर की पहचान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े नए अध्याय के रूप में देखा है।

बैठक में नगर के लिए तीन नामों पर चर्चा हुई—श्रीराम नगर, अंबेडकर नगर और वैदिक नगर। सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखे। पार्षद देवेंद्र शर्मा ने ‘श्रीराम नगर’ नाम का समर्थन करते हुए कहा कि यह नाम नगर की आस्था और सनातन संस्कृति को दर्शाता है। वहीं पार्षद देवदास दहिया ने ‘अंबेडकर नगर’ को समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक बताया। कुछ सदस्यों ने ‘वैदिक नगर’ को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने की बात कही।

लंबी चर्चा के बाद सदन में बहुमत ने ‘श्रीराम नगर’ को सबसे अनुकरणीय विकल्प माना, जिसके बाद नाम परिवर्तन का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। अध्यक्ष बीरबल सैनी ने कहा कि यह निर्णय नगर की पहचान को एक नई दिशा देगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे प्रेरणादायी कदम के रूप में याद किया जाएगा। उपाध्यक्ष प्रदीप यादव ने इसे “नगर के इतिहास का स्वर्णिम क्षण” बताया।

स्थानीय नागरिकों में भी इस फैसले को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि ‘श्रीराम’ नाम के जुड़ने से नगर की छवि और अधिक सम्मानित तथा सांस्कृतिक रूप से समृद्ध होगी।

बैठक में उपाध्यक्ष प्रदीप यादव, नपा सचिव राजेश शर्मा, एमई योगेश राठी, मनोनीत पार्षद रामबीर यादव, नीरज सैनी, देवेंद्र शर्मा, देवदास दहिया, आकांशा, ज्ञानचंद, नीलम सोनी, माया देवी और विनय एडवोकेट समेत कई महत्वपूर्ण सदस्य मौजूद रहे।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button