Haryana News: हरियाणा में अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की मांगों की होगी सुनवाई, 15 अप्रैल तक करें कमेटी का गठन

चंडीगढ़, 4 अप्रैल – हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की मांगों की सुनवाई के लिए 15 अप्रैल तक कमेटी का गठन करें और हर बिंदु पर गहनता से जांच कर इसकी सिफारिश सरकार को भेजें।

श्री विपुल गोयल आज हरियाणा निवास में आयोजित नगर पालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों व विभाग के अधिकारियों के साथ बुलाई गई समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

बैठक में श्री विपुल गोयल ने आश्वासन दिय़ा कि उनका प्रयास रहेगा कि हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग देश का सर्वोत्तम विभाग बने। विभाग में नए कर्मचारियों की आवश्यकता अनुसार भर्ती की जाए, हालांकि कर्मचारियों का कार्य जोखिम वाला होता है।

शारीरिक रूप से हृष्ट-पृष्ट कर्मचारियों की सेवाएं इस विभाग में आवश्यक है। अधिक उम्र के कर्मचारियों को आपातकालीन ड्यूटी की बजाय स्थापना शाखा व अन्य शाखाओं में ड्यूटी पर रखा जा सकता है। आवश्यकतानुसार कर्मचारियों को विभागीय कोष करने अनिवार्य होते हैं।

बैठक में मंत्री ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के हित में शीघ्र ही अग्निशमन कर्मचारी कल्याण फंड का गठन किया जाएगा। इस फंड से ड्यूटी के दौरान मृत्यु व अन्य प्रकार की विकलांगता आने पर कर्मचारी व उसके आश्रितों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी आउटसोर्सिंग पार्ट-वन व टू के तहत सेवारत थे, उन्हें कौशल रोजगार निगम में समायोजित किया गया है।

बैठक में गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. सुमिता मिश्रा, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं विभाग के महानिदेशक श्री शेखर विद्यार्थी के अलावा, नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान नरेश शास्त्री मौजूद रहे।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button