Haryana News : 117 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा, मुख्यमंत्री सैनी ने 557 योजनाओं का किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और नागरिकों के स्वास्थ्य पर जोर दिया। उन्होंने 72 नए महिला सांस्कृतिक केंद्रों और 90 इनडोर जिम का उद्घाटन किया।

Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को प्रदेशवासियों को दिवाली का तोहफा देते हुए 117 करोड़ की 557 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। सोनीपत के मुरथल में आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और नागरिकों के स्वास्थ्य पर जोर दिया। उन्होंने 72 नए महिला सांस्कृतिक केंद्रों और 90 इनडोर जिम का उद्घाटन किया।

केंद्र महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के मंच बनेंगे। इसके साथ ही 69 योग एवं व्यायामशालाओं का भी उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव में जिम खोला जाए, ताकि युवा स्वस्थ रहें और नशे से दूर रहें।

ग्रामीण विकास को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री किसान खेत सड़क योजना’ के तहत 101 नई सड़कों का उद्घाटन किया।

225 गांवों में फिरनी पर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई गईं। उन्होंने बताया कि अब तक 695 गांवों को स्ट्रीट लाइटों से रोशन किया जा चुका है और 1000 से अधिक आबादी वाली 588 ग्राम पंचायतों की कच्ची फिरनियों को पक्का किया गया है।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में जीएसटी में दी गई राहत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया और इसे आमजन के लिए एक बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि इससे लोगों की बचत बढ़ेगी।

शिक्षा के क्षेत्र में, उन्होंने बताया कि प्रदेश की 983 ई-लाइब्रेरियों में फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है और जल्द ही कंप्यूटर व पुस्तकें भी लगाई जाएंगी। कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार भी मौजूद रहे, जिन्होंने इन परियोजनाओं को हरियाणा के विकास में मील का पत्थर बताया।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤