Haryana CET 2025: HSSC ने अभ्यर्थियों को दी बड़ी खुशखबरी! रजिस्ट्रेशन डेट को लेकर जारी किया नया नोटिस
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने हरियाणा कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है हरियाणा सीईटी परीक्षा हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों में ग्रुप सी और ग्रुप डी के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जाती है।

Haryana CET 2025 Registration: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने हरियाणा कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है हरियाणा सीईटी परीक्षा हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों में ग्रुप सी और ग्रुप डी के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जाती है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक हरियाणा सीईटी 2025 परीक्षा के लिए आवेदन नहीं किया था, वे अब आधिकारिक वेबसाइट onetimeregn.haryana.gov.in पर जाकर 14 जून 2025 तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने हरियाणा सीईटी 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 48 घंटे बढ़ाकर 14 जून 2025 (रात 11:59 बजे) (हरियाणा सीईटी 2025) कर दी है। साथ ही आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 जून 2025 (शाम 6 बजे) तक तय की गई है। यह निर्णय उन उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय और विशेष अवसर प्रदान करने के लिए लिया गया है जो किसी कारण से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर सके थे। हरियाणा CET के लिए बढ़ाई गई अवधि
हरियाणा CET राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में नौकरियों के लिए पात्रता निर्धारित करता है। इस परीक्षा के लिए आवेदन HSSC की आधिकारिक वेबसाइट या हरियाणा CET के पोर्टल पर ऑनलाइन मोड में जमा किए जा सकते हैं। उम्मीदवारों को आवेदन पत्र में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षिक योग्यता और अन्य आवश्यक विवरण भरने होंगे। इसके अलावा, आवेदन शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से करना होगा। शुल्क की राशि श्रेणी के आधार पर भिन्न हो सकती है।
पंजीकरण तिथि क्यों बढ़ाई गई?
आवेदन अवधि बढ़ाने का निर्णय उम्मीदवारों के लिए राहत भरा कदम है। कई बार तकनीकी समस्याओं, इंटरनेट कनेक्टिविटी की कमी या अन्य कारणों से उम्मीदवार समय पर आवेदन नहीं कर पाते हैं। HSSC का यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों के उम्मीदवारों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद है, जिन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, यह निर्णय उन उम्मीदवारों को भी अवसर प्रदान करता है जो अंतिम समय में अपनी योग्यता या दस्तावेजों की जांच कर रहे थे।
हरियाणा CET आवेदन शुल्क और पात्रता

हरियाणा CET 2025 के लिए आवेदन शुल्क सामान्य श्रेणी और आरक्षित श्रेणी के लिए अलग-अलग है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए फीस करीब 500 रुपये है, जबकि एससी/एसटी और अन्य आरक्षित वर्गों को छूट दी गई है। फीस 16 जून तक जमा करानी होगी। देरी होने पर आवेदन खारिज हो जाएगा। उम्मीदवारों को 10वीं या 12वीं पास होना चाहिए। यह योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। आयु सीमा 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसमें आरक्षित वर्गों को छूट दी गई है।
हरियाणा सीईटी आवेदन पत्र कैसे भरें?

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन पत्र भरते समय सही जानकारी दें। गलत जानकारी या अधूरे आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसके अलावा, आवेदन शुल्क का भुगतान समय पर करना होगा। उम्मीदवारों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके पास सभी आवश्यक दस्तावेज, (जैसे शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो) डिजिटल प्रारूप में उपलब्ध हों। इससे आवेदन करते समय होने वाली समस्याओं से बचा जा सकेगा।
हरियाणा सीईटी 2025 की तैयारी कैसे करें?
हरियाणा सीईटी 2025 परीक्षा में सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, गणित, अंग्रेजी और हिंदी जैसे विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे। उम्मीदवारों को पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों से अभ्यास करने की सलाह दी जाती है। इससे परीक्षा पैटर्न और मार्किंग स्कीम को समझने में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा नियमित मॉक टेस्ट भी लें। इस परीक्षा में उम्मीदवारों की बौद्धिक और विश्लेषणात्मक क्षमता का आकलन किया जाता है। इसलिए समय प्रबंधन और सटीकता पर ध्यान देना ज़रूरी है।










