Haryana Budget Session: सुभाष चौक से भोंडसी के बीच मेट्रो चलाने की तैयारी, 17 किमी लंबे रूट का ड्राफ्ट तैयार
मेट्रो विस्तार से सोहना रोड और राजीव चौक के आसपास लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से निजात मिलने की उम्मीद है। यह कॉरिडोर न केवल कनेक्टिविटी सुधारेगा, बल्कि इन इलाकों के रियल एस्टेट और आर्थिक विकास को भी नई गति देगा।

Haryana Budget Session : साइबर सिटी गुरुग्राम के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन को अवगत कराया कि गुरुग्राम से भोंडसी तक मेट्रो रेल कनेक्टिविटी का विस्तार अब धरातल पर आने लगा है।
विधायक तेजपाल तंवर द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने बताया कि गुरुग्राम के व्यस्त इलाकों को जोड़ने के लिए 17.09 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित है। यह कॉरिडोर सुभाष चौक, राजीव चौक, सोहना चौक और रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण पड़ावों को कवर करते हुए भोंडसी गांव तक जाएगा। इस परियोजना के लिए मैसर्स आरआईटीईएस (RITES) को कंसल्टेंट नियुक्त किया गया है, जिन्हें 4 दिसंबर 2025 को नियुक्ति पत्र जारी किया गया था।
परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बेदी ने बताया कि कंसल्टेंट ने 23 जनवरी 2026 को अपनी आरंभिक रिपोर्ट जमा कर दी है। इस रिपोर्ट में कार्य का दायरा, अध्ययन क्षेत्र, मौजूदा परिवहन प्रणाली, संरेखण विकल्प (Alignment Options) और प्रस्तावित कार्य कार्यक्रम का विस्तृत विवरण दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर अब आगे की कार्यप्रणाली तय की जाएगी।
सदन में चर्चा के दौरान मंत्री ने एक और उत्साहजनक जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि भविष्य में डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) और टेक्नो इकोनॉमिक फिजिबिलिटी (Techno-Economic Feasibility) के परिणामों के आधार पर इस मेट्रो लाइन को भोंडसी से आगे सोहना तक बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो सोहना और गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं होगा।
इस मेट्रो विस्तार से सोहना रोड और राजीव चौक के आसपास लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से निजात मिलने की उम्मीद है। यह कॉरिडोर न केवल कनेक्टिविटी सुधारेगा, बल्कि इन इलाकों के रियल एस्टेट और आर्थिक विकास को भी नई गति देगा।









