Gurugram:रंजिश में युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच करते हुए, सेक्टर-07 आईएमटी मानेसर पुलिस टीम ने बुधवार को हत्या के आरोपी रजत (22 वर्ष) को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। रजत उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले का रहने वाला है।

Gurugram News Network – आईएमटी मानेसर में पुरानी दुश्मनी के चलते 19 साल के एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके दो साथियों ने ही उसे पत्थर पर फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
24 जून 2025 को पुलिस को फोर्टिस अस्पताल से सूचना मिली कि एक युवक की लड़ाई में लगी चोटों के कारण मौत हो गई है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां मृतक की पहचान राजपाल (19 वर्ष) के रूप में हुई। राजपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले का रहने वाला था और गुरुग्राम में कंडक्टर का काम करता था।
राजपाल के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि मारुति कंपनी के गेट नंबर-1 आईएमटी मानेसर के पास राजपाल के साथ काम करने वाले रजत और अमित ने पुरानी रंजिश के चलते उसके भाई के साथ मारपीट की। उन्होंने राजपाल को जान से मारने की नीयत से उठाकर पत्थर पर फेंक दिया। राजपाल बेहोश होकर वहीं गिर गया था। उसके भाई उसे फोर्टिस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की जांच करते हुए, सेक्टर-07 आईएमटी मानेसर पुलिस टीम ने बुधवार को हत्या के आरोपी रजत (22 वर्ष) को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। रजत उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले का रहने वाला है।
पुलिस पूछताछ में रजत ने बताया कि वह, अमित और मृतक राजपाल तीनों जितेंद्र ट्रैवल्स में बस कंडक्टर का काम करते थे। 23 जून 2025 को अमित ने राजपाल के कान से ईयरफोन हटा दी थी, जिसके बाद राजपाल और अमित व रजत के बीच झगड़ा हो गया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते 24 जून 2025 को मारुति गेट नंबर-1 आईएमटी मानेसर के पास रजत और अमित ने फिर से राजपाल से झगड़ा किया। झगड़े के दौरान उन्होंने राजपाल को उठाकर शिविर लाइन के ढक्कन (लोहे का) पर फेंक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।