Gurugram को जल्द मिलेगा 400 बेड का अत्याधुनिक नागरिक अस्पताल, नक्शा पास होते ही शुरू होगा निर्माण

साल 2021 में जर्जर हालत और छत गिरने की बार-बार होने वाली घटनाओं के बाद सिविल लाइंस अस्पताल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया था।

Gurugram : साइबर सिटी के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। सिविल लाइंस स्थित पुराने नागरिक अस्पताल के स्थान पर बनने वाले नए 400 बेड के अस्पताल का काम अब जल्द रफ्तार पकड़ने वाला है। अस्पताल के निर्माण के लिए संशोधित नक्शा (Revised Map) मुख्यालय भेज दिया गया है, जिसकी मंजूरी मिलते ही निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

पहले इस अस्पताल को 700 बेड की क्षमता के साथ बनाने का प्रस्ताव था, जिसमें दो बड़े ब्लॉक और मल्टी-लेवल पार्किंग की सुविधा शामिल थी। हालांकि, बाद में सरकार द्वारा बेड की संख्या घटाकर 400 कर दी गई। इस बदलाव के कारण पूर्व में तैयार किए गए नक्शे में संशोधन करना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दिसंबर 2025 में ही संशोधित ड्राफ्ट मुख्यालय भेजा गया था, जिसे अब अंतिम मंजूरी का इंतजार है।

साल 2021 में जर्जर हालत और छत गिरने की बार-बार होने वाली घटनाओं के बाद सिविल लाइंस अस्पताल को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया था। पिछले चार सालों से शहरवासी इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के दोबारा बनने की राह देख रहे हैं। वर्तमान में इस अस्पताल की सेवाओं को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है, लेकिन वहां संसाधनों की कमी के चलते मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

100 बेड की क्षमता वाला सेक्टर-10 अस्पताल फिलहाल शहर के 2500 से ज्यादा ओपीडी मरीजों का भार उठा रहा है। बर्न वार्ड, एसएनसीयू (SNCU) और डेंगू वार्ड जैसे महत्वपूर्ण विभागों की कमी के कारण गंभीर मरीजों को अक्सर दिल्ली के सफदरजंग या रोहतक पीजीआई रेफर करना पड़ता है। नए 400 बेड के अस्पताल के बनने से न केवल सेक्टर-10 अस्पताल का बोझ कम होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूसरे शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

गुरुग्राम के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. लोकवीर ने बताया कि अस्पताल का संशोधित नक्शा स्वीकृति के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा जा चुका है। जैसे ही वहां से हरी झंडी मिलेगी, टेंडर प्रक्रिया और निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button