Gurugram Water Supply : गुरुग्राम के 23 सेक्टरों में टैंकर माफिया पर लगाम, पाइपलाइन से मिलेगा पर्याप्त पानी

द्वारका एक्सप्रेसवे पर पाइपलाइन का काम अंतिम चरण में, सेक्टर-72 का बूस्टिंग स्टेशन जल्द होगा शुरू

Gurugram Water Supply : गर्मियों की आहट के साथ ही गुरुग्राम (मिलेनियम सिटी) के निवासियों के लिए राहत भरी खबर आई है। शहर के सेक्टर-58 से लेकर सेक्टर-80 तक के 23 प्रमुख सेक्टरों में इस बार पेयजल का संकट नहीं होगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने मार्च के पहले सप्ताह तक नई पाइपलाइन और बूस्टिंग स्टेशन को चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

हाल ही में हुई जिला समन्वय समिति की बैठक में शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में यह जानकारी सामने आई कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर पेयजल की पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है।

अधिकारियों का दावा है कि मार्च के पहले सप्ताह में इसे पूरा कर लिया जाएगा, जिसके तुरंत बाद सेक्टर-72 स्थित बूस्टिंग स्टेशन को सक्रिय कर दिया जाएगा। इससे नए गुरुग्राम के हजारों परिवारों को गर्मियों में पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

प्रशासन ने इस बार केवल आपूर्ति बढ़ाने पर ही नहीं, बल्कि पानी की बर्बादी रोकने पर भी कड़ा रुख अपनाया है। अब हर क्षेत्र के जेई को अपने इलाके की रिपोर्ट हर तीन दिन में देनी होगी। यदि कहीं पाइपलाइन लीकेज या सीवर ओवरफ्लो की समस्या आती है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी। GMDA और नगर निगम की एक संयुक्त समिति बनाई गई है जो इंजीनियरिंग संबंधी बाधाओं को दूर करेगी और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई करेगी।

बैठक में केवल पानी ही नहीं, बल्कि शहर की सफाई और पर्यावरण पर भी चर्चा हुई। वाटिका चौक से दिल्ली-जयपुर हाईवे तक बन रहे मुख्य बरसाती नाले का निर्माण 31 मई तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मानसून में जलभराव न हो।

सेक्टर-66 और 67 में बरसाती नाले में गंदा पानी छोड़ने वाले बिल्डरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। ढेसी ने निर्देश दिया कि ऐसे अवैध कनेक्शन तुरंत काटे जाएं और बिल्डरों को अपना एसटीपी (सीवर शोधन संयंत्र) चलाने के लिए मजबूर किया जाए।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!