Gurugram का जल संकट होगा दूर: वार्ड 23 में लगेंगे 10 अत्याधुनिक ‘मॉड्यूलर’ हार्वेस्टिंग सिस्टम

निगम अब शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों में पारंपरिक गड्ढों के बजाय उच्च क्षमता वाले मॉड्यूलर रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम (Modular Rain Water Harvesting System) स्थापित करने जा रहा है।

Gurugram : मिलेनियम सिटी गुरुग्राम को हर साल मानसून में गंभीर जलभराव और साल भर गिरते भूजल स्तर की दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ता है। इन दोनों समस्याओं से एक साथ निजात दिलाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने एक महत्वाकांक्षी और आधुनिक योजना पर काम शुरू कर दिया है।

निगम अब शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों में पारंपरिक गड्ढों के बजाय उच्च क्षमता वाले मॉड्यूलर रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम (Modular Rain Water Harvesting System) स्थापित करने जा रहा है।

प्रारंभिक चरण में, नगर निगम ने वार्ड नंबर 23, जोन-चार के दस सबसे अधिक प्रभावित स्थानों पर इन मॉड्यूलर प्रणालियों को लगाने का निर्णय लिया है। इस परियोजना पर 1.50 करोड़ रुपये तक की अनुमानित लागत आने की संभावना है।

मॉड्यूलर सिस्टम जल संरक्षण की पुरानी विधियों से बिल्कुल अलग हैं। इनमें परंपरागत गड्ढों के बजाय अत्याधुनिक पॉलीप्रोपीलीन ब्लॉक संरचना का उपयोग किया जाता है। प्रत्येक यूनिट की क्षमता 30 क्यूबिक मीटर, यानी 30,000 लीटर पानी स्टोर करने और उसे जमीन में भेजने की होगी।

इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह कम जगह घेरती है और इसे स्थापित करना बेहद आसान है। निर्माण में 400 जीएसएम जियोटेक्सटाइल शीट का उपयोग किया जाएगा, जो बारिश के पानी को भूजल में भेजने से पहले उसमें मौजूद अशुद्धियों को प्रभावी ढंग से छान (फिल्टर) देती है। अधिकारियों का मानना है कि ये सिस्टम न केवल सड़कों पर जलजमाव को खत्म करेंगे, बल्कि भूजल के महत्वपूर्ण स्तर को सुधारने में भी निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

निगम ने इस योजना को ‘ट्रायल प्रोजेक्ट’ के रूप में शुरू किया है। फिलहाल, सभी दस यूनिट्स को सिर्फ एक ही वार्ड (वार्ड-23) में स्थापित किया जाएगा ताकि इसकी प्रभावशीलता का सटीक आकलन किया जा सके। कार्यकारी अभियंता, संदीप धुंधवाल ने बताया कि इस ट्रायल की सफलता के बाद, इस मॉड्यूलर रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को गुरुग्राम के सभी वार्डों में लागू करने की योजना है।

कार्यकारी अभियंता ने कहा, “वार्ड-23 में जलभराव वाली दस जगहों पर मॉड्यूलर रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हमारी योजना है कि अगले माह से इन यूनिट्स को लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।”

मॉड्यूलर यूनिट्स शहरी क्षेत्रों, पार्कों, और ग्रीन बेल्ट के लिए विशेष रूप से उपयुक्त हैं। वार्ड नंबर 23 के निवासियों को जल निकासी और पर्यावरण संरक्षण, दोनों मोर्चों पर इस नई पहल से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। निगम लगातार ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर रहा है जहां यह तकनीक सबसे अधिक प्रभावी साबित हो सकती है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button