Shimla Manali से भी ज्यादा ठंडा रहा गुरुग्राम, 14 साल का रिकॉर्ड टूटा, येलो अलर्ट जारी

Shimla Manali : हरियाणा की मिलेनियम सिटी कहा जाने वाले गुरुग्राम में रविवार को कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गुरुग्राम का अधिकतम तापमान महज 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। रविवार को गुरुग्राम, मनाली-शिमला से भी ठंडा रहा । तापमान के मामले में गुरुग्राम ने हिमाचल प्रदेश के मशहूर हिल स्टेशनों मनाली और शिमला को भी पीछे छोड़ दिया।
हिल स्टेशनों से भी नीचे गया अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को
गुरुग्राम: 13.5°C
मनाली: 15.0°C
शिमला: 17.0°C
धर्मशाला: 16.0°C
चंडीगढ़: 18.0°C
रिकॉर्ड ठंड के साथ पूरे शहर में दिनभर शीतलहर और ठंडी हवाएं चलती रहीं। सुबह से दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई।
कोहरे और ठंड से जनजीवन प्रभावित
घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर साफ नजर आया। कई इलाकों में वाहन रेंगते हुए चलते दिखे। गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 3 घंटे तक देरी से पहुंचीं।
वायु गुणवत्ता भी बेहद खराब
ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी। गुरुग्राम के कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
सेक्टर-51: AQI 342
डीएलएफ एरिया: AQI 322
मानेसर: AQI 199
हालांकि शनिवार की तुलना में कुछ इलाकों में हल्का सुधार देखा गया, लेकिन शहर का अधिकांश हिस्सा अभी भी प्रदूषण की चपेट में है।
येलो अलर्ट जारी, सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने और शीतलहर का असर जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
ठंड का असर आगे भी रहेगा
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते आने वाले दिनों में भी ठंड का प्रकोप बना रह सकता है। खासतौर पर सुबह और रात के समय तापमान और गिरने की संभावना है।









