Gurugram में सड़कों पर मौत बनकर घूम रहे हैं रफ्तार के रोमांचकारी, एक महीने में लगा सवा 4 करोड़ का जुर्माना
इस साल के शुरुआती महीने जनवरी में गुरुग्राम की सड़कों पर ओवर स्पीडिंग से ड्राइविंग करने वाले 21,962 वाहन चालकों के चालान काटे गए हैं जिनपर कुल 4 करोड़ 39 लाख 24 हज़ार रुपए का जुर्माना लगाया गया है ।

Gurugram News : देश में रोज़ाना ओवरस्पीडिंग के चलते कई हादसे होते हैं लेकिन बावजूद इसके लोग अपने इस रोमांचकारी स्पीड पर कंट्रोल नहीं करते । गुरुग्राम में भी कई ऐसे भीषण सड़क हादसे सामने आए हैं जिनमें ओवरस्पीडिंग की वजह से कई लोगों की जिंदगियां गई हैं । गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ समय समय पर कार्रवाई करती रहती है लेकिन वही ढाक के तीन पात । रफ्तार के रोमांचकारियों के लिए किसी की जिंदगी कोई मायने नहीं रखती ।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किए गए आंकड़ों से खुलासा हुआ है कि गुरुग्राम में ऐसे हज़ारों लोग हैं जो सड़कों पर मौत बनकर घूमते हैं । अक्सर देखा गया है कि सड़क पर हादसों की मुख्य वजह ट्रैफिक नियमों की पालना ना करना होता है । इसके सबसे ऊपर ओवरस्पीडिंग में गाड़ी चलाना आता है ।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के प्रवक्ता विकास वर्मा ने जानकारी दी है कि इस साल के शुरुआती महीने जनवरी में गुरुग्राम की सड़कों पर ओवर स्पीडिंग से ड्राइविंग करने वाले 21,962 वाहन चालकों के चालान काटे गए हैं जिनपर कुल 4 करोड़ 39 लाख 24 हज़ार रुपए का जुर्माना लगाया गया है । (Gurugram)
ट्रैफिक पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा के निर्देशन एवं डॉ. राजेश मोहन IPS, डीसीपी ट्रैफिक के नेतृत्व में 1 जनवरी से 31 जनवरी तक ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया । इस विशेष अभियान के अंतर्गत गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस द्वारा ओवर स्पीडिंग करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई ।

अभियान के दौरान मुम्बई एक्सप्रेस-वे (Delhi Mumbai Expressway), द्वारका एक्सप्रेस-वे (Dwarka Expressway) एवं गोल्फ कोर्स रोड (Golf Course Road) पर ओवर स्पीडिंग (Overspeeding) करने वाले कुल 21,962 वाहन चालकों के चालान किए गए, जिनमें से 11094 चालान कैमरों के माध्यम से किए गए। इन चालानों से कुल 04 करोड़ 39 लाख 24 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। (Gurugram News)
गुरुग्राम पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाना एवं दुर्घटनाओं व आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। ओवर स्पीडिंग पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान एवं सुबह के समय स्पेशल नाके भी लगाए जाते हैं, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसी क्रम में यह विशेष चालान अभियान चलाया गया, जिसके तहत मोटर वाहन अधिनियम 1988 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की गई। (Gurugram News)
गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि ओवर स्पीडिंग न करें, अपनी एवं दूसरों की जान को जोखिम में न डालें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा इस प्रकार के विशेष चालान अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।












