New Year Eve पार्टी पर गुरूग्राम के नाइट क्लबों और पब-बार पर रहेगी गुरूग्राम पुलिस की पैनी नज़र

New Year Eve पर अगर आप भी पार्टी करनें का प्लान बना रहें है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरुरी है । गुरुग्राम शहर के मॉल, नाइट क्लबों और पब-बार में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर गुरुग्राम पुलिस प्रशासन रूपरेखा बना रहा है । 31 दिसंबर की रात को शहर में सुरक्षा पुख्ता की जाएगी ।

गुरूग्राम पुलिस ने शहर के आधा दर्जन ऐसे पॉइंट चिन्हित किए हैं, जिन जगह पर 31 दिसंबर की रात को लोगों की भीड़ रहेगी । इनमें एमजी रोड, सेक्टर-29, सोहना रोड, डीएलएफ, सुशांत लोक, पालम विहार में स्थित होटल और बार, पब, रेस्तरां शामिल है । इन इलाको में भीड़ को देखते हुए गुरूग्राम पुलिस की नज़र इन पर रहेगी । जिला प्रशासन और गुरुग्राम पुलिस विभाग द्वारा 31 दिसंबर की शाम व रात को एमजी रोड को नो व्हीकल जोन बना दिया जाएगा ।

न्यू ईयर ईव पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भीड़ को देखते हुए संबंधित थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त करीब तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे । इनमें महिला पुलिसकर्मी व यातायात पुलिस के जवान भी शामिल रहेंगे । सभी शॉपिंग मॉल में सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा ।

इसके साथ-साथ पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें होटल, पब, रेस्तरां और बार में भी निगरानी रखेंगी । बिना अनुमति के शराब पिलाने और जुआ खेलने जैसी आपराधिक गतिविधियों पर नज़र रहेगी । अगर ऐसी गतिविधियां पाई गई तो इनको रोकने के लिए गुरुग्राम पुलिस कार्रवाई करेगी ।

31 दिसंबर को नाइट क्लब, पब, बार,रेस्तरां में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली मैदान के अलावा अन्य कई स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की जाएगी । इसके अलावा यहां से प्रशासन की ओर से बसें मुहैया करवाईं जाएंगी जो लोगों को एमजी रोड पर पहुंचाएंगी । स्थानीय लोगों के लिए केवल सर्विस लेन चालू रखी जाएगी और रोड पर आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्ट करके अन्य वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा ।

नए साल के जश्र को लेकर गुरूग्राम पुलिस द्वारा होमवर्क शुरू कर दिया गया है । सुरक्षा को देखते हुए गुरूग्राम के सभी बॉर्डर पर नाके लगाए जाएंगे । इसके अलावा इफको चौक, साइबर हब, गोल्फ कोर्स रोड, शंकर चौक, फरीदाबाद रोड, सोहना रोड सहित अन्य सड़कों पर भी नाके लगाए जाएंगे ।

गुरूग्राम पुलिस विभाग की ओर से नाइट क्लबों, पब, बार और रेस्तरां में सुरक्षा को लेकर सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों को सीसीटीवी कैमरे लगाने, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट की पर्याप्त व्यवस्था करने और पर्याप्त संख्या में बाउसंरों को तैनात करने के निर्देश दिए हैं ।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस टीमों के साथ ही एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों, डिस्पोजल टीम की व्यवस्था कराई जाएगी ।

गुरूग्राम पुलिस के डीसीपी हेडक्वाटर डॉ. अर्पित जैन ने कहा है कि 31 दिसंबर की रात को नाइट क्लबों, पब,बार व रेस्तरां में होने वाली भीड़ को मद्देनजर रूपरेखा तैयार की जा रही है । किन स्थानों पर नाकों व अतिरिक्त पुलिसबल की जरूरत है, ये सारी जानकारी संबंधित थानों से मांगी गई है । प्रतिष्ठानों के संचालकों को भी कार्यक्रमों के आयोजन संबंधी निर्देश दिए जा चुके हैं । कार्यक्रमों के दौरान यदि कोई भी अप्रिय घटना होतीं है तो उससे तुरंत निपटा जाएगा और किसी भी गैर कानूनी काम में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।

Aashi Chauhan

Aashi Chauhan गुरुग्राम न्यूज़ नेटवर्क में पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 5+ वर्षों का अनुभव है। वे गुरुग्राम की स्थानीय खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, ब्रेकिंग न्यूज़ और नागरिक… More »
Back to top button