Diwali पर गुरुग्राम में पटाखों पर बैन, पटाखों की खरीद-बिक्री से दूर रहने के लिए पुलिस की एडवाइज़री, 53 टीमें बनाई गई

Diwali : दीपावली के अवसर पर अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण एवं वितरण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुरुग्राम पुलिस ने थाना स्तर, सहायक पुलिस आयुक्त एवं पुलिस उपायुक्त स्तर पर 53 विशेष टीमों का गठन किया है। इसके अतिरिक्त अपराध शाखाओं की विशेष टीमें भी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में चेकिंग कर रही हैं।
गठित पुलिस टीमें बाजारों, पटाखों की दुकानों, गोदामों तथा अन्य संभावित स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग कर रही हैं। इस दौरान अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण एवं वितरण से संबंधित गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त, अपराध के अधीन अपराध शाखाओं की विशेष टीमें भी अपने निर्धारित क्षेत्रों में गहन चेकिंग कर रही हैं तथा अवैध पटाखों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
यह विशेष अभियान 08.11.2026 तक चलाया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है तथा अवैध पटाखों की बिक्री एवं भंडारण से संबंधित किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि वे अवैध पटाखों की खरीद-बिक्री एवं भंडारण से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सके।
