SPA Center में चलता मिला सेक्स रैकेट तो नपेंगे पुलिस अधिकारी, गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर ने जारी किए सख्त आदेश

SPA Center : पिछले दिनों गुरुग्राम के 18 से ज्यादा मसाज पार्लरों में राज्य महिला आयोग की सूचना पर छापेमारी में देहव्यापार का भंडाफोड़ हुआ जिसके बाद गुरुग्राम पुलिस की काफी किरकिरी हुई कि आखिर पुलिस के होते हुए इतने बड़े स्तर पर कैसे देहव्यापार का काला कारोबार किया जा रहा था । अब इसको लेकर गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर ने सख्ती दिखानी शुरु कर दी है । कमिश्नर द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि अगर किसी स्पा में इस तरह के अनैतिक कार्य चलते हुए पाए गए तो लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी ।
गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर सिबास कबिराज गुरुग्राम के सभी पुलिस DCP, ACP व सभी थानों के SHO को सख्त लिखित आदेश/दिशा-निर्देश दिए है कि गुरुग्राम में संचालित स्पा/मसाज सेन्टर्स की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि किसी भी सूरत में बर्दाश्त नही की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने सभी DCP, ACP और SHO को निर्देशित करते हुए कहा है कि अपने-अपने क्षेत्र में संचालित स्पा/मसाज सेन्टर्स पर विशेष निगरानी रखते हुए उनकी नियमित चेकिंग सुनिश्चित करें।
सभी थाना प्रभारियों को नियमित चेकिंग के स्पष्ट आदेश
पुलिस आयुक्त द्वारा सभी संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में संचालित स्पा/मसाज सेन्टर्स की नियमित रूप से चेकिंग करें। चेकिंग के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि स्पा/मसाज सेंटर्स की गतिविधियों की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित न हो।
DCP एवं ACP करेंगे औचक निरीक्षण
पुलिस आयुक्त के आदेशों के तहत DCP-ACP स्तर के अधिकारियों को भी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में संचालित स्पा/मसाज सेंटर्स का रैंडम/औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य अधीनस्थ स्तर पर की जा रही चेकिंग की प्रभावशीलता सुनिश्चित करना तथा यह देखना है कि पुलिस आयुक्त द्वारा जारी निर्देशों का धरातल पर पूरी गंभीरता से पालन हो रहा है।
अवैध गतिविधि मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई
पुलिस आयुक्त द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी स्पा/मसाज सेंटर में चेकिंग या निरीक्षण के दौरान कोई अवैध गतिविधि सामने आती है तो उसके विरुद्ध तत्काल नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाए। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाए।
आदेशों की पालना में लापरवाही बर्दाश्त नही
पुलिस आयुक्त द्वारा कड़े निर्देश दिए गए हैं कि जाए आदेशों/निर्देशों की पालना में किसी भी स्तर के पुलिसकर्मी/पुलिसअधिकारी कोई लापरवाही सामने आती है तो उस पुलिसकर्मी/पुलिस अधिकारी सहित उसके सम्बन्धित अधिकारी के खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी व विभागीय कार्यवाही की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस की स्पष्ट चेतावनी
स्पा/मसाज सेंटर्स संचालन की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को स्थान नहीं दिया जाएगा। गुरुग्राम पुलिस द्वारा ऐसे प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार निगरानी एवं चेकिंग नियमित रूप से जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आने पर कानून के अनुसार तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें।
