फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए Gurugram Police से बहस की वीडियो सोशल मीडिया पर किया वायरल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Gurugram Police : सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा के लिए लगाए जाने वाले नाके पर अब पुलिस के साथ बहसबाज़ी करना आपको महंगा पड़ सकता है क्योंकि गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसे ही शख्स को गिरफ्तार किया है जिसने ना केवल पुलिस द्वारा रोके जाने पर पुलिस के साथ बहसबाज़ी की बल्कि पुलिस की छवि खराब करने के लिए उसने वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया । अब पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है ।

क्या था मामला ?

24 सितंबर को एक महिला पुलिस कर्मचारी द्वारा शिकायत दी गई कि 17 सितंबर की रात घामड़ौज टोल प्लाजा पर गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर पुलिस नाका लगाया हुआ था । करीब एक बजे बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति बिना हेलमेट के सवार होकर नाके पर आए।

पुलिस नाका पार्टी द्वारा मोटरसाइकिल को रुकवाकर चालक से ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन के वैध दस्तावेज दिखाने के लिए कहा गया। इसी दौरान एक अन्य युवक अपनी मोटरसाइकिल दूर खड़ी करके मौके पर आया तथा पुलिस कर्मचारियों से बहस करने लगा। उक्त युवक द्वारा पुलिस कर्मचारियों की वीडियो बनाकर उनके साथ बहस की गई तथा पुलिस की ड्यूटी में बाधा डालने का प्रयास किया गया। बाद में उक्त युवक द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो पोस्ट करके पुलिस कर्मचारियों के संबंध में भ्रामक आरोप लगाए गए।

प्राप्त शिकायत पर पुलिस थाना भौंडसी, गुरुग्राम द्वारा संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित करके अनुसंधान शुरू किया गया। अनुसंधान के दौरान वीडियो पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान अमन निवासी कन्नौज, उत्तर प्रदेश, हाल किराएदार बेगमपुर खटोला, गुरुग्राम के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग में कार्यवाही करते हुए अमन को दिनांक 26.09.2026 को गुरुग्राम से काबू करके अभियोग में शामिल अनुसंधान किया गया ।

फॉलोवर्स बढाने के लिए डाल दी वीडियो

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इसने पुलिस कर्मचारियों पर लगाए गए आरोपों से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर इसलिए पोस्ट किया था, ताकि उसके फॉलोअर्स बढ़ें, वीडियो पर अधिक से अधिक व्यूज आएं तथा वह सोशल मीडिया के माध्यम से पैसे कमा सके। अभियोग अंकित होने की जानकारी मिलने के बाद उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से उक्त विवादित वीडियो डिलीट कर दी।

गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा जांच के दौरान ऐसे अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की जा रही है, जिन पर उक्त भ्रामक वीडियो को बिना सत्यापन के पोस्ट/शेयर किया गया है। पहचान होने उपरांत उनके विरुद्ध नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤