Gurugram: योग दिवस पर ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ और ‘नशा मुक्त हरियाणा’ का संकल्प
योग हमारी जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाता है, जागरूकता बढ़ाता है और प्राकृतिक बदलावों को सहन करने की क्षमता विकसित करता है। राव नरबीर सिंह ने गर्व से कहा कि आज पूरा विश्व भारत की योग विधा का लोहा मान रहा है, और योग सीखने की इच्छा कई विदेशियों को भारत की ओर आकर्षित कर रही है। उन्होंने योग को मन, बुद्धि और आत्मा के उत्थान का माध्यम बताया।

Gurugram News Network – शनिवार की सुबह गुरुग्राम में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बेहद गरिमामयी ढंग से मनाया गया। ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ और ‘योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा’ की थीम पर आधारित यह जिला स्तरीय कार्यक्रम सेक्टर 38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित हुआ। हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्ज्वलन कर इसका विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत हरियाणा के राज्य गीत “जय जय हरियाणा” के सामूहिक गायन से हुई, जिसने पूरे वातावरण को जोश और प्रदेश प्रेम से भर दिया। प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र स्तरीय संबोधन और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी के कुरुक्षेत्र में दिए गए संबोधन का भी सीधा प्रसारण किया गया।
योग बना वैश्विक आंदोलन: राव नरबीर सिंह
मुख्य अतिथि राव नरबीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आज योग एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की भावना को साकार करते हुए सभी से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। मंत्री ने जोर दिया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वयं, विश्व और प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने का एक भाव है। उन्होंने कहा कि योग हमारी जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाता है, जागरूकता बढ़ाता है और प्राकृतिक बदलावों को सहन करने की क्षमता विकसित करता है। राव नरबीर सिंह ने गर्व से कहा कि आज पूरा विश्व भारत की योग विधा का लोहा मान रहा है, और योग सीखने की इच्छा कई विदेशियों को भारत की ओर आकर्षित कर रही है। उन्होंने योग को मन, बुद्धि और आत्मा के उत्थान का माध्यम बताया।

योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा’ का आह्वान
कैबिनेट मंत्री ने हरियाणा सरकार के ‘योग युक्त – नशा मुक्त हरियाणा’ संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखेगी। राव नरबीर सिंह ने योग को आत्म-अनुशासन, मानसिक शांति और सकारात्मक सोच का स्रोत बताते हुए कहा कि ये आज के युवाओं के लिए बेहद ज़रूरी हैं। उन्होंने इस सार्थक अभियान में आमजन से सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान भी किया।
पर्यावरण संरक्षण और पॉलीथीन मुक्त गुरुग्राम पर भी जोर
योग दिवस के अवसर पर, राव नरबीर सिंह ने गुरुग्रामवासियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने और पॉलीथीन मुक्त शहर बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरा-भरा पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की नींव है। मंत्री ने बताया कि पॉलिथीन न केवल प्रदूषण फैलाता है, बल्कि मिट्टी, जल और जीव-जंतुओं के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग बंद करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और औद्योगिक इकाइयों से भी इस मुहिम में शामिल होने की अपील करते हुए हर व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।













