Gurugram News: Gurugram में बुधवार को हज़ारों कर्मचारी रहेंगे हड़ताल पर, DC ने नियुक्त किए ड्यूटी मजिस्ट्रेट
सर्व कर्मचारी संघ Gurugram के मुख्य संगठनकर्ता सुरेश नौहरा ने बताया कि हड़ताल की पूरी तैयारी हो चुकी है। बुधवार को सभी विभागों के कर्मचारी कमला नेहरू पार्क में सुबह इकट्ठा होंगे।

Gurugram News – बुधवार 9 जुलाई को गुरुग्राम में आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी संघों की फेडरेशनों के बुलावे पर विभिन्न विभागों के कर्मचारी और औद्योगिक क्षेत्र के मजदूर कल हड़ताल पर रहेंगे। इस हड़ताल से शहर में कामकाज बुरी तरह प्रभावित होने की संभावना है।
हरियाणा में इस हड़ताल का आह्वान सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, हरियाणा कर्मचारी महासंघ, और मजदूर संगठन सीटू, एटक, एचएमएस, एआईयूटीयूसी जैसे प्रमुख संगठनों ने मिलकर किया है। गुरुग्राम जिले के 20 सरकारी विभागों के 5,000 से ज़्यादा कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल होंगे।
इस हड़ताल के कारण शहरी स्थानीय निकाय, बिजली, रोडवेज, जन स्वास्थ्य, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर), स्वास्थ्य, वन, पर्यटन, शिक्षा, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, एचएसवीपी आदि विभागों में कामकाज ठप रहेगा। खासकर, रोडवेज की बसें नहीं चलेंगी, जिससे यात्रियों को परेशानी होगी।
हड़ताली कर्मचारी और मजदूर अपने-अपने कार्यस्थलों पर इकट्ठा होकर केंद्र और राज्य सरकार की मजदूर-कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और अपनी मांगों को रखेंगे। इसके बाद, सभी हड़ताली मजदूर और कर्मचारी जिला और खंड स्तर पर इकट्ठा होकर जुलूस निकालेंगे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
सर्व कर्मचारी संघ गुरुग्राम के मुख्य संगठनकर्ता सुरेश नौहरा ने बताया कि हड़ताल की पूरी तैयारी हो चुकी है। बुधवार को सभी विभागों के कर्मचारी कमला नेहरू पार्क में सुबह इकट्ठा होंगे। वहां विरोध दर्ज करवाने के बाद ज्ञापन सौंपा जाएगा। नौहरा ने यह भी बताया कि हड़ताल शांतिपूर्ण तरीके से होगी।

हड़ताल कर रहे कर्मचारियों और मजदूरों की मुख्य मांगें ये हैं:
पूंजीपतियों के हक में बनाए गए मजदूर विरोधी 4 लेबर कोड्स (29 श्रम कानूनों को खत्म करके बनाए गए) को वापस लिया जाए।
सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और सार्वजनिक सेवाओं के निजीकरण पर रोक लगाई जाए।
आउटसोर्स, ठेका कर्मियों, आंगनवाड़ी, आशा और मिड डे मील वर्करों को पक्का (नियमित) किया जाए।
पीएफआरडीए एक्ट रद्द करके पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू किया जाए।
18 महीने के बकाया डीए (महंगाई भत्ता) और डीआर (महंगाई राहत) को जारी किया जाए।
DC ने नियुक्त किए ड्यूटी मजिस्ट्रेट
जिलाधीश और DC अजय कुमार ने 9 जुलाई को हरियाणा रोडवेज संयुक्त एक्शन कमेटी द्वारा घोषित एक दिवसीय हड़ताल को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।

जिलाधीश के आदेशों में कहा गया है कि हड़ताल के दौरान यूनियन के सदस्य बसों की आवाजाही को रोकने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुचारु रखना प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 17(2) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, जिलाधीश ने अलग-अलग जगहों के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं:

जगदीश चंद (तहसीलदार, गुरुग्राम) – कर्मशाला गुरुग्राम
कुलदीप सिंह (सहायक अभियंता, जीएमडीए) – गुरुग्राम बस स्टैंड
शिखा (तहसीलदार, सोहना) – बस स्टैंड सोहना
रोहताश (तहसीलदार, पटौदी) – बस स्टैंड पटौदी
सभी अधिकारी सुबह 2 बजे से लेकर हड़ताल खत्म होने तक अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर तैनात रहेंगे।












