Gurugram News : मिलेनियम सिटी की सफाई व्यवस्था सुधरेगी, 57 नए सहायक सफाई निरीक्षक नियुक्त

सभी निरीक्षकों को सुबह 7 बजे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में पहुंचने और सफाईकर्मियों की हाजिरी एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर दर्ज करने का निर्देश दिया है। उनकी मुख्य जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि कहीं भी कचरा, मलबा या पॉलीथीन न पड़ा हो।

Gurugram News : गुरुग्राम की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार लाने के लिए नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शुक्रवार को 57 सहायक सफाई निरीक्षकों ने नगर निगम में अपना कार्यभार संभाला। इन सभी को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नियुक्त किया गया है। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने इन सभी को काम के प्रति पूरी निष्ठा और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

नए निरीक्षकों को अलग-अलग जोन में नियुक्त किया गया है:

  • जोन-एक: 15 निरीक्षक
  • जोन-दो, तीन और चार: प्रत्येक में 14-14 निरीक्षक

आयुक्त दहिया ने सभी निरीक्षकों को सुबह 7 बजे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में पहुंचने और सफाईकर्मियों की हाजिरी एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर दर्ज करने का निर्देश दिया है। उनकी मुख्य जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि कहीं भी कचरा, मलबा या पॉलीथीन न पड़ा हो। साथ ही, घर-घर से कचरा इकट्ठा करने की व्यवस्था की निगरानी भी इन्हीं निरीक्षकों को करनी है।

दहिया ने निरीक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र के पार्षदों, आरडब्ल्यूए (RWA) प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से संपर्क करें। उनसे मिलकर समस्याओं को सुनें और उनका समाधान कराएं। अगर कोई सीवरेज या अन्य बड़ी समस्या है, तो उसकी जानकारी तुरंत संबंधित कनिष्ठ अभियंता को दी जाए।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी सहायक सफाई निरीक्षकों को अपने काम को एक मिशन की तरह लेना चाहिए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

सहायक सफाई निरीक्षकों को कुछ और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं:

  • गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट्स की नियमित सफाई सुनिश्चित करना।
  • अवैध रूप से कचरा या मलबा डंप करने वालों पर नजर रखना।
  • ठोस कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और पेयजल के दुरुपयोग से संबंधित नियमों का पालन कराना।
  • घर-घर से निकलने वाले कचरे का सही जगह पर पहुंचना सुनिश्चित करना।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!