Gurugram News : जन्मदिन के दिन पिता की उठी अर्थी, अस्पताल में बेटे का हुआ जन्म, दिल को झकझोर देने वाली घटना !

Gurugram News : गुरुग्राम में एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है जहां रोड़ एक्सीडेंट में हुई युवक की मौत की घटना से पूरे गांव में गम का माहौल है । जिस युवक की मौत हुई, उसका अंतिम संस्कार जन्मदिन के दिन ही हुआ और कुदरत की वेदना देखिए इधर एक तरफ युवक का अंतिम संस्कार हुआ तो वहीं दूसरी तरफ उसकी पत्नी ने अस्पताल में बेटे को जन्म दिया ।
बाइक को ट्रक ने मारी थी टक्कर
जानकारी के मुताबिक शिकोहपुर गांव का रहने वाला सुमित 30 मार्च को SPR रोड़ पर पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने गया था लेकिन रोड़ पर डंपर ने सुमित को टक्कर मार दी और वो गंभीर रुप से घायल हो गया । तीन दिन तक अस्पताल में इलाज के दौरान सुमित की मौत हो गई । 2 अप्रैल को सुमित का जन्मदिन होता है । कुदरत की वेदना है कि सुमित को जन्मदिन वाले दिन ही इस दुनिया से विदा किया गया ।
गर्भवती पत्नी को खबर तक नहीं
मृतक सुमित की पत्नी प्रियंका गर्भवती थी । डिलीवरी का समय नजदीक था इसीलिए वो बाइक में पेट्रोल डलवाने गया था कि इमरजेंसी में अस्पताल जाना पड़े तो किसी प्रकार की देरी ना हो लेकिन घरवालों को क्या पता था कि उनका बेटा अब कभी नहीं लौटेगा । सुमित की सड़क हादसे में मौत की खबर उसकी पत्नी को भी नहीं दी गई ताकि उसकी गर्भावस्था पर किसी प्रकार असर ना पड़े ।
अस्पताल में बेटे को जन्म देने के बाद प्रियंका लगातार परिजनों से पूछ रही है कि सुमित कहां है, वो कब आएगा, लेकिन परिवार के सदस्य उसकी पत्नी को सच्चाई बताने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं ।
पिता ने दी मुखाग्नि
जानकारी के मुताबिक सुमित को उसके जन्मदिन के दिन ही सुमित के पिता ने ही मुखाग्नि दी । इधर सुमित का अंतिम संस्कार किया जा रहा था और उधर सुमित की पत्नी प्रियंका को प्रसव पीड़ा शुरु हो गई तो परिजन तुरंत ही प्रियंका को अस्पताल पहुंचाया जहां उसने बेटे को जन्म दिया ।
ट्रक चालक फरार, परिवार का अस्पताल में हंगामा
सुमित के पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया । परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया । जिस वजह से परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया । गुरुग्राम पुलिस खेड़की दौला थाने में केस दर्ज किया और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया जिसके बाद परिजन शांत हुए और सुमित के शव को लेकर उसका अंतिम संस्कार किया ।