Gurugram News :सड़क हादसे में घायल Traffic पुलिसकर्मियों से मिले डीसीपी ट्रैफिक
इफ्को चौक से एमजी रोड की ओर बढ़ते समय, एक तेज रफ्तार किआ सेल्टोस ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वे दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

Gurugram News : सीईटी (CET) परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात दो यातायात पुलिसकर्मी एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना एमजी रोड पर एम3एम बिल्डिंग के सामने हुई, जहां एक तेज रफ्तार लाल रंग की किआ सेल्टोस (KIA Seltos) कार ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। घायल पुलिसकर्मियों में सिपाही रोहित और एचकेआरएन (HKRN) कर्मचारी कौशल शामिल हैं।
सुबह करीब 5:30 बजे, सिपाही रोहित और कौशल एमजी रोड पर पंचर हुए एक वाहन की मदद के लिए जा रहे थे। इफ्को चौक से एमजी रोड की ओर बढ़ते समय, एक तेज रफ्तार किआ सेल्टोस ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वे दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

इस घटना की सूचना तुरंत डीएलएफ फेज 2 थाने को दी गई, जहां संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यातायात जोनल अधिकारी अशोक कुमार ने घायल पुलिसकर्मियों को बिना किसी देरी के पारस अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलवाने के बाद पार्क अस्पताल में भर्ती कराया।
यातायात पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना मिलते ही, पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन आईपीएस (IPS) तुरंत पार्क अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों सिपाही रोहित और कौशल का हालचाल जाना और उनका हौसला बढ़ाया। डीसीपी ने डॉक्टरों से भी उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
पुलिस उपायुक्त यातायात ने सीईटी परीक्षा के दौरान अपनी ड्यूटी को समर्पित भाव से निभाने के लिए दोनों पुलिसकर्मियों की सराहना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।










