Gurugram News : शीतला माता रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ जीएमडीए और एमसीजी का बड़ा एक्शन

सेक्टर-5 चौक से कृष्णा चौक तक पहुंची, उन्हें बड़े पैमाने पर अतिक्रमण मिला। दुकानदारों ने बार-बार नोटिस दिए जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया था, जिसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से इन्हें तुरंत हटाया गया।

Gurugram News : शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और सड़कों को सुरक्षित करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने मंगलवार को शीतला माता रोड पर एक संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह अभियान का दूसरा चरण था, जिसकी निगरानी जीएमडीए के जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) आर.एस. बाठ ने की।

अभियान की शुरुआत अतुल कटारिया चौक से सीआरपीएफ चौक तक के इलाके से हुई, जहां ज्यादातर हिस्सा अतिक्रमण मुक्त पाया गया। लेकिन जैसे ही टीम सेक्टर-5 चौक से कृष्णा चौक तक पहुंची, उन्हें बड़े पैमाने पर अतिक्रमण मिला। दुकानदारों ने बार-बार नोटिस दिए जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया था, जिसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से इन्हें तुरंत हटाया गया।

करीब 500 मीटर के दायरे में लगभग 250 दुकानों ने सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण कर रखा था। इन दुकानदारों को दो-तीन दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के लिए दोबारा नोटिस जारी किया गया। कुछ दुकानदारों ने तो मौके पर ही अतिक्रमण हटा दिया।

अवैध रैंप ध्वस्त: सड़क के दोनों ओर लगभग 15 फीट तक बने अवैध रैंपों को तोड़ दिया गया।

वाहन पार्किंग की समस्या: लगभग 30 दुकानों के ऊँचे रैंप हटाकर आवागमन और पार्किंग को सुगम बनाया गया। दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने उचित स्तर बनाए रखने की सलाह दी गई, ताकि पार्किंग में आसानी हो।

अभियान के दौरान, स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने नाले पर अवैध पार्किंग और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। इस पर डीटीपी आर.एस. बाठ ने दुकानदारों को दो दिन के भीतर अवैध पार्किंग हटाने का निर्देश दिया।

डीटीपी आर.एस. बाठ ने कहा, “हम शहर को सभी प्रकार के अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा लक्ष्य नागरिकों को बेहतर पार्किंग और सुगम यातायात की सुविधा देना है।” उन्होंने बताया कि यह अभियान शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी जारी रहेगा।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button