Gurugram News: प्रदूषण के खिलाफ बड़ा एक्शन, गुरुग्राम में 46 अवैध कंक्रीट प्लांट सील
डीसी ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) को सभी बंद और अवैध यूनिटों की बिजली तुरंत काटने का निर्देश दिया है।

Gurugram News: जिले में प्रदूषण फैलाने वाले अवैध रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांट्स के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया है। उपायुक्त अजय कुमार के निर्देश पर अब तक 46 अवैध यूनिटों को बंद कर दिया गया है। डीसी ने साफ कर दिया है कि बिना जरूरी अनुमति के किसी भी आरएमसी प्लांट को चलने नहीं दिया जाएगा।
डीसी ने अधिकारियों को आदेश दिए कि वे नियमित रूप से अवैध प्लांटों पर नजर रखें और नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम के दक्षिणी क्षेत्र में सिर्फ 55 आरएमसी यूनिटों को ही संचालन की अनुमति मिली हुई है, जबकि बाकी सभी अवैध पाए गए हैं और उन्हें हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) द्वारा बंद करा दिया गया है।
डीसी ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) को सभी बंद और अवैध यूनिटों की बिजली तुरंत काटने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, पुलिस विभाग को भी नियमित निगरानी के आदेश दिए गए हैं, ताकि कोई भी बंद प्लांट दोबारा शुरू न हो सके। अगर ऐसा होता है तो उन पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर निगरानी को मजबूत करने के लिए, उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि वे अवैध रूप से चल रहे आरएमसी प्लांट्स की सूची अकलीमपुर, टिकली, सकतपुर और पलरा गांवों के जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाएं। बैठक में सोहना के एसडीएम अखिलेश कुमार, एचएसपीसीबी के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।









