Gurugram के आलीशान अपार्टमेंट की कहानी, नियम 4 परिवार रहने का, रह रहे थे 40 परिवार, अपार्टमेंट का बना दिया PG

Gurugram के डीएलएफ फेस 3 इलाके में लगातार अवैध निर्माणों के खिलाफ DTPE विभाग का सीलिंग अभियान जारी है । ये सीलिंग अभियान पंजाब एंड हरियाणा हाइकोर्ट के आदेश पर किया जा रहा है । पिछले तीन दिनों में 700 से ज्यादा कमरे सील कर दिए गए हैं तो दर्जनों इमारतों में तोड़फोड़ की गई है । लोगों ने स्टिल्ट प्लस 4 इमारतों में अवैध तरीके से पार्किंग में कच्चे कमरों का निर्माण कर लिया जो कि नियमों के विरुद्ध है ।
4 परिवार की अनुमति, रहने लगे 40 परिवार
इस मेगा कार्रवाई के दौरान डीटीपी की टीम को एक आलीशान अपार्टमेंट ऐसा भी मिला जिसमें 40 परिवार रह रहे थे । डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि डीएलएफ फेस 3 इलाके में कार्रवाई के दौरान अमलतास अपार्टमेंट पहुंचे तो देखा कि स्टिल्ट प्लस 4 ईमारत में हर फ्लोर पर 9-9 कमरे बनाए गए । इन कमरों में 40 परिवार रह रहे थे जबकि इस इमारत में केवल 4 परिवारों के रहने की अनुमति ली गई थी ।
डीटीपी अमित मधोलिया ने बताया कि जिस तरह दिल्ली में अग्निकांड हुआ ऐसा खतरा गुरुग्राम में भी बना हुआ है जिसको देखते हुए ये कार्रवाई की जा रही है । अमित मधोलिया ने बताया कि हम गुरुग्राम में ऐसी लापरवाही नहीं कर सकते, ऐसा हादसा नहीं होने दे सकते । चार परिवार रहने की अनुमति पर अगर 40 परिवार रहते हैं तो अंदाजा लगाना मुश्किल नही है कि सीवरेज सिस्टम, पानी और बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर पर कितना लोड पड़ता है ।
डीएलएफ फेस 3 इलाके में ऐसी इमारतों की संख्या सैंकड़ों में है । साल 2024-2025 में पंजाब एंड हरियाणा हाइकोर्ट के आदेशों के बाद री सर्वे कराया गया जिसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों को नोटिस दिए गए । नोटिस के बाद जवाब ना देने पर अब कार्रवाई की जा रही है ।
स्टिल्ट प्लस 4 इमारत में चले बुलडोज़र
डीएलएफ फेस 3 इलाके में चल रही मेगा कार्रवाई में डीटीपी विभाग ने 700 से ज्यादा कमरों को सील कर दिया है । तो वहीं स्टिल्ट प्लस फोर इमारतों में बनाए गए अवैध निर्माणों को बुलडोज़र की मदद से तोड़ा गया । इस रिहायशी इलाके में अवैध तरीके से कमर्शियल गतिविधियां भी की जा रही थी जिसमें क्लिनिक, जिम, ब्यूटी पार्लर बनाए गए थे जिनकों सील किया गया है ।