Gurugram Farrukhnagar Road : 25 KM की सड़क पर खर्च होंगे 365 करोड़ रुपए, 10 गांवों को होगा फायदा

Gurugram Farrukhnagar Road  : गुरुग्राम आए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम से फर्रुखनगर से तक 25 किलोमीटर लंबी सड़क को बनाने की घोषणा की । 365 करोड़ की लागत से सड़क को दो लेन से बढाकर से चार लेन का किया जाएगा । इसमें चंदू बाईपास का निर्माण भी शामिल है। इस सड़क से 10 गांवों को सहूलियत के साथ ही और केएमपी एक्सप्रेसवे पर आना-जाना भी आसान होगा।

मुख्यमंत्री ने रविवार को उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की मांग पर क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं कीं। इन योजनाओं से बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए आयाम मिलेंगे। गुरुग्राम-फर्रुखनगर सड़क से रोजाना से 15 से 20 हजार वाहन दौड़ते हैं। इस सड़क से खेड़ा झांजरौला, सुल्तानपुर, कालियावास, इकबालपुर, साढ़राणा, गढ़ी हरसरू, चंदू, बुढेडा, माकरौला, धनकोट और बसई गांव जुड़ा है। इसके अलावा इस सड़क से झज्जर, रोहतक, पटौदी, हेलीमंडी भी जुड़ा है।

इसके अतिरिक्त न्यू गुरुग्राम के सेक्टरों में लगभग 88 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई जा रही सीवरेज लाइन का कार्य भी जल्द पूरा होगा। न्यू गुरुग्राम के सेक्टरों में 24 मीटर चौड़ी सड़कों की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां भी संभव होगा, सड़कों को 24 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा।

बनाए जाएंगे नए दमकल केंद्र

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि न्यू गुरुग्राम के सेक्टर 90 से 95 में भूमि उपलब्ध होने पर श्मशान घाट का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही गुरुग्राम, मानेसर और फर्रुखनगर में भूमि उपलब्धता के आधार पर दमकल केंद्र (फायर स्टेशन) स्थापित किए जाएंगे। हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड द्वारा 28.17 किलोमीटर लंबाई की 13 सड़कों तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा 84.86 किलोमीटर लंबाई की 30 सड़कों का रखरखाव किया जाएगा। इसके अलावा 41.57 करोड़ रुपये की लागत से 21.3 किलोमीटर लंबाई की 11 सड़कों की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। गांवों में खेतों तक जाने वाले रास्तों को भी पक्का किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति देने के लिए अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। इस मौके पर सोहना विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, हाउसिंग फॉर ऑल विभाग से आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन आदि गणमान्य मौजूद रहे।

नमो वन बनाने पर फोकस

राव नरबीर सिंह ने कहा कि बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में ट्रिपल इंजन सरकार के प्रभावी समन्वय से विकास कार्यों को गति मिली है। केंद्र, प्रदेश और स्थानीय निकायों के तालमेल से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अरावली पर्वतमाला क्षेत्र स्थित गांव खोह, कासन और सहरावन में लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से 200 एकड़ भूमि पर ‘नमो वन’ विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना न केवल हरित क्षेत्र को बढ़ाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को बेहतर पर्यावरणीय सुविधाएं और रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

शहीद भगत सिंह की लगेगी प्रतिमा

मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम के लेजरवैली पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री रविवार को दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ के शहीद जवानों के सम्मान में गुरुग्राम में होम डेवलपर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़मूल से समाप्त करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।

इस दौरान उन्होंने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सीआरपीएफ जवानों के कल्याण स्वरूप सीआरपीएफ के डीआईजी परम शिवम को 38.25 लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया। यह धनराशि सीआरपीएफ के शहीद जवानों के परिवार कल्याण में इस्तेमाल की जाएगी।

बढेंगे रोज़गार के अवसर

हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि कृषि प्रधान प्रदेश हरियाणा वर्ष 2047 तक औद्योगिक क्रांति का अग्रदूत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र-विशेषकर गुरुग्राम और मानेसर-अहम भूमिका निभाएंगे। राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों और निवेश-अनुकूल वातावरण के कारण हरियाणा उद्योग, व्यापार और रोजगार सृजन के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भी चहुंमुखी और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤