Gurugram: नशे में धुत ASI ने विधायक के काफिले में मारी टक्कर, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पायलट गाड़ी में मौजूद चार सुरक्षा अधिकारी बाल-बाल बचे, लेकिन चालक को चोटें आईं।

Gurugram: नए साल 2026 के पहले ही दिन गुरुग्राम में कानून के रखवालों ने ही अनुशासन की धज्जियां उड़ा दीं। शहर के व्यस्त आईनॉक्स (INOX) मॉल चौक पर तैनात एक एएसआई (ASI) ने शराब के नशे में धुत होकर अपनी निजी वेन्यू कार से विधायक मुकेश शर्मा के काफिले की पायलट स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में पायलट गाड़ी का चालक घायल हो गया है और सरकारी वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, जिस समय यह हादसा हुआ, विधायक मुकेश शर्मा खुद काफिले की अगली गाड़ी में सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पायलट गाड़ी में मौजूद चार सुरक्षा अधिकारी बाल-बाल बचे, लेकिन चालक को चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद विधायक मुकेश शर्मा अपनी गाड़ी से नीचे उतरे और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

हैरानी की बात यह है कि आरोपी एएसआई बलजीत सिंह जिस वेन्यू कार को चला रहा था, उस पर आगे की नंबर प्लेट गायब थी और पीछे की प्लेट के अक्षर मिटे हुए थे। पुलिस विभाग द्वारा नंबर प्लेट टेम्परिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच एक पुलिस अधिकारी की ऐसी लापरवाही ने विभाग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नाका प्रभारी रमेश की शिकायत के मुताबिक, एएसआई बलजीत ने ड्यूटी पर तैनात अपने तीन साथियों (हेड कॉन्स्टेबल संजय, हंसराज और एसपीओ अजयपाल) को ‘खाना खाने’ के बहाने गाड़ी में बैठाया। इसके बाद उसने तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाई और सेक्टर 4/7 चौक पर अचानक यू-टर्न लेते समय विधायक के काफिले से जा टकराया। चश्मदीदों के मुताबिक, एएसआई नशे में इस कदर धुत था कि उसकी आंखें लाल थीं और वह मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता और हाथापाई करने पर उतारू था।

आरोपी एएसआई और अन्य के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग, नशे में वाहन चलाने और दुर्घटना करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एएसआई बलजीत सिंह समेत कार में सवार चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।  पुलिस ने दुर्घटना करने वाली वेन्यू कार को कब्जे में ले लिया है।

नियम सभी के लिए बराबर हैं। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है। चाहे आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी, कानून तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना बेहद खेदजनक है और विभाग ऐसी अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button