Gurugram:मेट्रो रूट में काटे जाएंगे 1800 पेड़,जीएमडीए शहर के 17 सेक्टरों में बढ़ाएगा हरियाली
करीब 10 किमी लंबाई के इस रोड पर पांच हजार पेड़ खड़े हैं। इनमें से 1300 पेड़ ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण के बीच में आ रहे हैं। ऐसे में इन्हें काटने की मंजूरी मांगी गई है। इनमें अधिकांश पेड़ नीम और शीशम प्रजाति के हैं।

Gurugram News Network – ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण के रास्ते में आ रहे 1800 पेड़ों को काटा जाएगा। सर्वे रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। ऐसे में मिलेनियम सिटी की हरियाली कम न हो,उसके लिए जीएमडीए ने तैयार की योजना। जीएमडीए 1800 पेड़ों की ऐवज में 17 सेक्टर में पौधों को लगाकर हरियाली बढ़ाएगा। योजना गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की पर्यावरण शाखा ने तैयार की है।
जीएमडीए की पर्यावरण शाखा के अधिकारी ने बताया कि मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर हीरो होंडा चौक तक की मुख्य सड़क पर लगे पेड़ों की कटाई की मंजूरी मांगी है। करीब 10 किमी लंबाई के इस रोड पर पांच हजार पेड़ खड़े हैं। इनमें से 1300 पेड़ ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण के बीच में आ रहे हैं। ऐसे में इन्हें काटने की मंजूरी मांगी गई है। इनमें अधिकांश पेड़ नीम और शीशम प्रजाति के हैं।
वहीं हीरो होंडा चौक से लेकर सेक्टर-नौ और द्वारका एक्सप्रेस वे के समीप सेक्टर-101 तक 501 पेड़ों की कटाई की मंजूरी मांगी है। वन विभाग के रेंज अधिकारी सुशील कुमार ने 1300 पेड़ को लेकर सर्वे रिपोर्ट तैयार करके वन मंडल अधिकारी के पास भेज दी है। अभी 501 पेड़ों की सर्वे रिपोर्ट तैयार नहीं हो सकी है। माना जा रहा है कि अगले महीने में इन पेड़ों को काटने की मंजूरी मिल जाएगी।
वन विभाग के नियमानुसार पेड़ों की कटाई के बदले में 10 गुणा पेड़ लगाए जाते हैं। ऐसे में 1801 पेड़ों की कटाई के बदले में 18010 पौधे लगाए जाने हैं। ऐसे में जीएमडीए ने वन विभाग को प्रस्ताव में बताया है कि इन पेड़ों के बदले में द्वारका एक्सप्रेस वे के दोनों तरफ विकसित सेक्टर-99 से लेकर 115 (17 सेक्टरों) तक हरित क्षेत्र में पेड़-पौधों को लगाया जाएगा।