आपके इलाके में हो Water Logging तो इन नंबरों पर करें कॉल, GMDA ने जारी किया 24ंx7 हेल्पलाइन नंबर

Water Logging : मानसून के दौरान नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को सुनिश्चित करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने अपने एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली के तहत 24×7 हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। नागरिक जलभराव सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, जिससे संबंधित विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी. सी. मीणा ने बताया कि नागरिक मानसून के दौरान किसी भी समय 1800-180-1817 और 0124-2653908 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ये हेल्पलाइन नंबर पूरे मानसून सीजन के दौरान 24 घंटे संचालित रहेंगे। इसके अतिरिक्त नागरिक 7840001817 पर व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत के साथ संबंधित फोटो भेजकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वहीं, 9873353224 पर मिस्ड कॉल देने पर कॉल सेंटर का प्रतिनिधि स्वयं वापस कॉल कर शिकायत दर्ज करेगा।
उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन के अतिरिक्त नागरिक जीएमडीए के शिकायत पोर्टल services.gmda.gov.in ईमेल services.gmda@gmail.com तथा My Gurugram App के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और शिकायत के निस्तारण की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
मानसून के दौरान कॉल सेंटर के प्रतिनिधि चौबीसों घंटे विशेष रूप से वर्षा के समय जलभराव से संबंधित शिकायतें प्राप्त करने और दर्ज करने के लिए उपलब्ध रहेंगे। शिकायत दर्ज होते ही उसे तत्काल संबंधित विभाग एवं फील्ड टीमों को भेज दिया जाएगा, ताकि मौके पर शीघ्र कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जा सके।
पी. सी. मीणा ने आगे बताया कि जलभराव के अतिरिक्त नागरिक पेयजल आपूर्ति, सीवरेज, वर्षा जल निकासी, सड़कों, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण, नगर निगम गुरुग्राम एवं नगर निगम मानेसर से संबंधित अन्य नागरिक सेवाओं की शिकायतें भी इसी शिकायत निवारण प्रणाली के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि 24×7 हेल्पलाइन और शिकायत दर्ज कराने के लिए उपलब्ध विभिन्न माध्यमों से नागरिक बिना किसी परेशानी के जलभराव एवं अन्य नागरिक समस्याओं की सूचना संबंधित विभागों तक पहुंचा सकेंगे। समय पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर विभाग शीघ्र कार्रवाई कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करेंगे, जिससे मानसून के दौरान नागरिकों को बेहतर एवं निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
पी. सी. मीणा ने कहा कि जीएमडीए की एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली को इस प्रकार विकसित किया गया है कि नागरिक विभिन्न माध्यमों से आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। यह प्रणाली शिकायतों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा नागरिक सेवाओं के अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध संचालन में भी सहायक सिद्ध होगी।