Firing In Gurugram : बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल बाल बचा कारोबारी, THAR से आया हमलावर

Firing In Gurugram : गुरुग्राम में एक बार फिर से ताबड़तोड़ फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है । मंगलवार देर शाम गुरुग्राम के खेड़की दौला थाना एरिया में बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर पर पड़ोसी ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी । गनीमत रही कि इस घटना में किसी को गोली तो नहीं लगी है लेकिन सप्लायर की खड़ी हुई दो गाड़ियों में गोली लगी । जानलेवा हमले के बाद आरोपी अपनी थार कार से फरार हो गया ।
दरअसल गुरुग्राम पुलिस के खेड़की दौला थाने की टीम को मंगलवार शाम करीब साढे 10 बजे सूचना मिली कि गुरुग्राम के बार गुर्जर गांव में फायरिंग हुई है । इस सूचना पर गुरुग्राम पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि बार गुर्जर गांव में एक घर के बाहर खड़ी दो गाड़ियों पर गोलियों के निशान हैं और उनके शीशे फूटे हुए हैं ।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को बार गुर्जर गांव के रहने वाले बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर का काम करने वाले जयवीर राठी ने बताया कि कुछ देर पहले ही उनके पड़ोस में रहने वाले दिनेश उर्फ धन्नी ने उनके मोबाइल नंबर पर कॉल कर कहा था कि तुम्हारे घर के सामने जो नाली का पानी निकल रहा है तुमने उसे नहीं रोका तुम्हे पहले भी समझाया था लेकिन तुम नहीं माने, आज मैं तुम्हें गोली मारुंगा । जयवीर ने बताया कि लगभग 10 बजे दिनेश उर्फ धन्नी अपनी काले रंग की थार गाड़ी से उसके घर के सामने आया ।

दिनेश ने आते ही अपने पास से पिस्टल निकाली और जयवीर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरु कर दी । जैसे तैसे जयवीर ने अपने घर में छिपकर अपनी जान बचाई लेकिन आरोपी यहीं नहीं थमा । आरोपी दिनेश ने जयवीर के घर के बाहर खड़ी उनकी ब्रेजा और स्विफ्ट कार पर फायरिंग करनी शुरु कर दी । जिसमें गोलियां गाड़ियों के शीशों और खिड़कियों में लगी है ।
हमले के बाद आरोपी दिनेश मौके से अपनी थार गाड़ी लेकर फरार हो गया । जानकारी लेने के बाद गुरुग्राम पुलिस की टीम ने मौके से 6 से ज्यादा गोलियों के खोल बरामद किए हैं । साथ ही गुरुग्राम पुलिस ने हमले में क्षतिग्रस्त हई गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है जिनकी एफएसएल जांच कराई जाएगी ।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पीडित की शिकायत पर आरोपी दिनेश के खिलाफ खेड़की दौला पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है । आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा । पीडित ने बताया है कि नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने जयवीर पर फायरिंग की है । हमले में कोई घायल नहीं हुआ है ।









