Faridabad To Noida Greenfield Expressway: फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट का अब लगेगा सिर्फ चंद मिनट, जल्द बनेगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
हरियाणा के फरीदाबाद जिले से नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की दूरी अब मिनटों में तय की जा सकेगी।

Faridabad To Noida Greenfield Expressway: हरियाणा के फरीदाबाद जिले से नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की दूरी अब मिनटों में तय की जा सकेगी। शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने अधिकारियों को एक्सप्रेसवे का निर्माण जल्द शुरू करने और इसे तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस परियोजना को प्राथमिकता दी गई है और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कालिंदी कुंज सड़क का काम तेजी से होगा
ये दोनों परियोजनाएं केंद्र सरकार से जुड़ी हैं और तय समय सीमा के भीतर पूरी हो जाएंगी। बुधवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में ढेसी ने अधिकारियों और एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मंडलायुक्त संजय जून, उपायुक्त विक्रम सिंह, डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी, स्मार्ट सिटी के डिप्टी सीईओ अमित मान, एफएमडीए की एडिशनल सीईओ गौरी मिड्ढा और सीटीएम अंकित कुमार मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कालिंदी कुंज रोड पर एक किलोमीटर लंबे हिस्से की डीपीआर तैयार हो गई है और इसे जल्द ही शुरू किया जाएगा। एलिवेटेड रोड का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। एफएमडीए को सड़कों और अन्य विकास कार्यों के लिए अनुमान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्हें अगले वित्तीय वर्ष में उच्च क्रय समिति द्वारा पारित और अनुमोदित किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी
अधिकारियों ने यह भी बताया कि एसटीपी मिर्जापुर से मास्टर सीवर लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। खेड़ ब्रिज से एसटीपी मिर्जापुर तक 1800 मिमी व्यास की लाइन बिछाई जा रही है। ग्रेटर फरीदाबाद में जलापूर्ति, सड़कें और अन्य बुनियादी ढाँचे के विकास कार्य तेज़ी से पूरे किए जाएँगे। नीलम फ्लाईओवर, सेक्टर-15 और 15ए की सड़कों पर नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जिनके रखरखाव का काम अब नगर निगम को सौंप दिया गया है।