Elevated SPR : वाटिका चौक तक एसपीआर रोड़ को Signal Free Corridor बनाने के लिए ₹755 करोड़ के टेंडर जारी

Elevated SPR : गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने एनएच-48 से वाटिका चौक (Vatika Chowk) तक सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) के विकास, रखरखाव, प्रबंधन और संचालन के लिए एक एलिवेटेड कॉरिडोर (Elevated Corridor) के माध्यम से टेंडर जारी कर दिए हैं । यह परियोजना लगभग ₹755 करोड़ की अनुमानित लागत से की जाएगी और इससे शहर के इस महत्वपूर्ण कॉरिडोर पर कनेक्टिविटी में सुधार होने की उम्मीद है ।

परियोजना के तहत वाटिका चौक से एनएच-48 के बीच साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) को सिग्नल-फ्री कॉरिडोर (Signal Free Corridor) के रूप में उन्नत किया जाएगा, जिससे गुरुग्राम में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को प्रबंधित करने और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए एक दीर्घकालिक समाधान उपलब्ध होगा । प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर ज़मीनी स्तर पर ट्रैफिक भीड़ को कम करने में सहायक होगा, क्योंकि यह वाहनों के लिए एक अतिरिक्त यातायात स्तर उपलब्ध कराएगा, जिससे जाम की स्थिति में कमी आएगी और विशेष रूप से पीक आवर्स के दौरान यात्रा समय में सुधार होगा।

क्या क्या बनेगा ?

इस परियोजना के तहत वाटिका चौक से एनएच-48 के बीच 4.2 किलोमीटर लंबा सिग्नल-फ्री 4+4 लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। डिज़ाइन में 3+3 लेन की मुख्य सर्विस रोड और 2+2 लेन की सेकेंडरी सर्विस लेन भी शामिल हैं। इसके साथ ही प्रमुख जंक्शनों पर ट्रैफिक के सुचारू प्रवेश और निकास को सुनिश्चित करने के लिए दो-लेन के अप और डाउन रैंप बनाए जाएंगे। इसके अलावा एनएच-48 पर एक इंटरचेंज का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के साथ निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके।

वाटिका चौक पर बनेगा क्लोवरलीफ फ्लाइओवर

इसके अतिरिक्त, परियोजना के द्वितीय चरण (फेज़-II) के तहत वाटिका चौक पर एक इंटरचेंज प्रस्तावित किया गया है, जो सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) और गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड कॉरिडोर (Sohna Road Elevated Corridor) के बीच कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ करेगा ।

परियोजना पूरी होने पर, द्वारका एक्सप्रेसवे (Dwarka Expressway), एनएच-48 और गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड कॉरिडोर के बीच उच्च गति और निर्बाध संपर्क उपलब्ध होगा, जिससे शहर के समग्र सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। इससे वाटिका चौक और सुभाष चौक जैसे प्रमुख चौराहों पर भीड़भाड़ कम करने में भी मदद मिलेगी, साथ ही एसपीआर कॉरिडोर पर यातायात का प्रवाह भी सुधरेगा।

यह परियोजना कार्य आवंटन (एवार्ड) की तिथि से निर्धारित 30 महीनों की अवधि के भीतर पूरी की जाएगी ।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी.सी. मीणा का कहना है कि गुरुग्राम में तेजी से शहरी विस्तार हो रहा है और शहर की बढ़ती आवाजाही आवश्यकताओं को पूरा करने तथा आर्थिक विकास को बनाए रखने के लिए उच्च क्षमता वाली सड़क अवसंरचना का विकास एक प्रमुख प्राथमिकता बना हुआ है। प्रस्तावित अवसंरचना उन्नयन से एसपीआर कॉरिडोर के आसपास स्थित कई सेक्टरों के निवासियों और यात्रियों को लाभ मिलेगा, जिनमें तेजी से विकसित हो रहे आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्र भी शामिल हैं। यह परियोजना गुरुग्राम की सड़क अवसंरचना को मजबूत करने और एक अधिक कुशल तथा भविष्य के लिए तैयार शहरी गतिशीलता नेटवर्क विकसित करने के लिए प्राधिकरण के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button