Drink And Drive Checking : गुरुग्राम पुलिस का सख्त अभियान, 6 महिलाओं समेत 525 ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ चालकों का चालान
विशेष अभियान में 'ड्रिंक एंड ड्राइव' करते पाए गए 525 वाहन चालकों के चालान किए हैं। इन चालान किए गए लोगों में 06 महिला चालक भी शामिल हैं। पुलिस ने एक वाहन को इंपाउंड भी किया है।

Drink And Drive Checking : गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने 15.09.2025 से 21.09.2025 तक यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान में ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ करते पाए गए 525 वाहन चालकों के चालान किए हैं। इन चालान किए गए लोगों में 06 महिला चालक भी शामिल हैं। पुलिस ने एक वाहन को इंपाउंड भी किया है।
पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा , पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय/हाईवे सत्यपाल यादव की देखरेख में गुरुग्राम ट्रैपिक पुलिस ने यह विशेष अभियान चलाया । इस अभियान को सफल बनाने के लिए, डॉ. राजेश मोहन ने ट्रैफिक पुलिस की कई टीमों का गठन किया और उन्हें शहर के चिन्हित स्थानों पर विशेष नाके लगाकर चेकिंग के लिए तैनात किया। चेकिंग के दौरान, पुलिस टीमों ने शराब पीकर वाहन चला रहे कुल 525 वाहन चालकों को पकड़ा और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के तहत चालान किए गए वाहन चालकों का लाइसेंस भी 03 महीने के लिए निलंबित कर दिया जाता है । इस अवधि के दौरान वे किसी भी वाहन को चलाने के लिए अयोग्य होंगे । गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस द्वारा इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर लगाम कसना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए सड़क यातायात को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है।
गुरुग्राम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ट्रैफिक के सभी नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार का नशा करके वाहन न चलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी रात के समय विशेष नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के चालान का यह अभियान जारी रहेगा।