Digital Monitoring : गुरुग्राम पुलिस अब एक ही स्क्रीन से करेगी पूरे शहर के ट्रैफिक मूवमेंट को ट्रैक
यह डिजिटल रिपोर्टिंग व्यवस्था समस्याओं के समाधान की निगरानी और निस्तारण प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाएगी।

Digital Monitoring : गुरुग्राम में ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक आधुनिक तथा पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, IPS और पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन, IPS ने आज अत्याधुनिक जियो लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम का औपचारिक शुभारंभ किया।
नई तकनीक के जरिए अब अधिकारी एक ही स्क्रीन से पूरे शहर के यातायात और फील्ड में तैनात कर्मियों की गतिविधियों की निगरानी कर सकेंगे। इस अवसर पर एसीपी सतपाल यादव, एसीपी संजय कुमार, एसीपी जयसिंह सहित सभी जोनल अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह रियल-टाइम डेटा शेयरिंग सुनिश्चित करता है। जोनल अधिकारी अब अपने-अपने क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की स्थिति, सड़क के गड्ढे, यातायात की अव्यवस्था और सड़क सुधार की आवश्यकता का मौके पर ही निरीक्षण करके तत्काल डिजिटल टिकट जनरेट कर सकेंगे। यह डिजिटल रिपोर्टिंग व्यवस्था समस्याओं के समाधान की निगरानी और निस्तारण प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाएगी।
पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने इस पहल को स्मार्ट और सुरक्षित गुरुग्राम की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि यह तकनीक न केवल ट्रैफिक प्रबंधन को पारदर्शी बनाएगी, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेगी कि नागरिकों को सुरक्षित और बाधामुक्त यातायात उपलब्ध हो सके।
अत्याधुनिक प्रणाली सड़क सुरक्षा को नई मजबूती देगी, जिससे फील्ड टीमों की जवाबदेही सुनिश्चित होगी और बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत या ट्रैफिक सुधार से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का यह कदम ट्रैफिक नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और नागरिक सुविधा को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का एक प्रयास है।