Delhi Weather: दिल्ली में मॉनसून की हुई एंट्री, मौसम विभाग ने आज जारी किया येलो अलर्ट, जानें अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में मानसून के दस्तक देने के साथ ही रविवार को अधिकांश इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश देखने को मिली।

Delhi Weather: दिल्ली में मानसून के दस्तक देने के साथ ही रविवार को अधिकांश इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश देखने को मिली। सबसे ज्यादा बारिश पाम क्षेत्र में दर्ज की गई है। दिल्लीवासियों के लिए राहत की बात यह है कि अगले पूरे सप्ताह बादल छाए रहेंगे और बारिश का मौसम बना रहेगा।

दिल्ली में मानसून का इंतजार रविवार को खत्म हो गया। अधिकांश इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश देखने को मिली। सबसे ज्यादा बारिश पाम क्षेत्र में दर्ज की गई है। दिल्लीवासियों के लिए राहत की बात यह है कि अगले पूरे सप्ताह बादल छाए रहेंगे और बारिश का मौसम बना रहेगा।

मौसम का असर दिल्ली की हवा पर भी पड़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 83 अंक रहा। हवा के इस स्तर को संतोषजनक श्रेणी में रखा गया है। हवा की गुणवत्ता का यह स्वच्छ स्तर अगले दो दिनों तक जारी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सबसे ज्यादा बारिश पाम क्षेत्र में सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच दर्ज की गई। यहां 13.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सफदरजंग में 5.1 मिमी, लोधी रोड में 5.6 मिमी, आयानगर में 9.4 मिमी और राजघाट में 8.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री कम 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता का स्तर 98 से 77 फीसदी तक रहा। रिज और आयानगर में लोगों को गर्मी और उमस से सबसे ज्यादा राहत महसूस हुई। रिज का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस और आयानगर का 6.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

येलो अलर्ट जारी: सोमवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार के बाद पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून तय समय से करीब आठ दिन पहले केरल में प्रवेश कर गया था। यह तय समय से करीब दो सप्ताह पहले महाराष्ट्र भी पहुंच गया था। नतीजतन, इसके तय समय से पहले दिल्ली पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन बाद में मानसून की गति धीमी पड़ गई। इस बार मानसून दिल्ली से पहले पंजाब, हिमाचल और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में भी पहुंच गया, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक छोटा हिस्सा, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान का एक छोटा हिस्सा मानसूनी हवाओं से अछूता रहा। रविवार को एक बार फिर मौसम ने मेहरबानी दिखाई और दिल्ली समेत पूरे देश में मानसून छा गया।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!