MGF Mall के बाहर फायरिंग कर फैलाई थी दहशत, दिल्ली का प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार

एग्जिट गेट पर पहुँचते ही कार चालक ने खिड़की से हाथ बाहर निकाला और हवा में गोली चला दी। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

MGF Mall :  गुरुग्राम के पॉश इलाके एमजी रोड स्थित एमजीएफ मॉल के बाहर सरेआम हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर दबोच लिया है। अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) सेक्टर-17 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार (18 अप्रैल) की सुबह एमजीएफ मॉल प्रबंधन की ओर से थाना डीएलएफ फेज-2 में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि सुबह के वक्त मॉल के अंदर से एक कार निकली।

एग्जिट गेट पर पहुँचते ही कार चालक ने खिड़की से हाथ बाहर निकाला और हवा में गोली चला दी। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। व्यस्ततम इलाका होने के कारण इस घटना से वहां मौजूद लोगों की जान जोखिम में पड़ गई थी।

पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी की पहचान नवीन कुमार (39 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के घिटोरनी स्थित बास मोहल्ला का रहने वाला है। वह दिल्ली और गुरुग्राम में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है।

वारदात के समय वह मॉल के भीतर स्थित ‘क्वीन क्लब’ से पार्टी कर बाहर निकला था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग के पीछे का असली मकसद क्या था या यह केवल नशे में की गई ‘शो-बाजी’ थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-17 ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों की मदद से आरोपी को शनिवार को ही गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह कार भी बरामद कर ली है जिससे वह मॉल से निकला था। (MGF Mall)

आरोपी को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार को बरामद किया जा सके और यह पता लगाया जा सके कि उसके पास हथियार का लाइसेंस है या नहीं। मामले की गहनता से जाँच जारी है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button