Daan Or Dahej : गुरुग्राम के सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर की शादी में 71 लाख कैश, 21 तोला सोना, लेकिन ये दहेज नहीं दान है
सोशल मीडिया पर अपलोड की गई इस वीडियो में पहले ही बताया गया है कि ये दहेज नहीं है बल्कि लड़की के पिता द्वारा दिया गया दान है ।

Daan Or Dahej : वैसे तो हमारे देश में दहेज प्रथा को कानूनी रुप से अवैध बताया गया है लेकिन फिर भी पिता अपनी बेटी की शादी में दान के रुप में जरुरी सामान देते हैं । आजकल हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अरुण पंवार की शादी की एक वीडियो जमकर वायरल हो रही है ।
71 लाख कैश, 21 तोले सोने का ‘दान’
सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अरुण पंवार ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो अपलोड की है जिसमें लग्न सगाई के दौरान पंडित जी खुद लड़की के पिता द्वारा लड़के पक्ष को दिए ‘दान’ के बारे में पढ कर बताते हैं । पंडित जी वीडियो में बताते हैं कि ये दहेज नहीं बल्कि दान है जो कि लड़की के पिता ने दिया है जिसमें 71 लाख रुपए कैश और कुल 21 तोले सोने के जेवरात दिए गए हैं ।

पिता से लेकर भाभी को मिले जेवरात
अरुण पंवार ने अपने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो अपलोड की है उसके मुताबिक अरुण के परिवार के हर सदस्य को कुल मिलाकर 21 तोले सोने के गहने दिए गए हैं । जिनमें दूल्हे की साढे 5 तोले की चेन, 4 तोले का ब्रेसलेट, दो सोने की अंगूठी, लड़के के पापा की चेन-अंगूठी, लड़के के ताऊ की अंगूठी, दो भाइयों की अंगूठी, लड़के की मां के कानों के झुमके, बहन के झुमके और भाभी के लिए कानों के झुमके शामिल हैं ।
लोग कमेंट कर ले रहे चुटकी
सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर अरुण पंवार की इस पोस्ट पर उनके चाहने वाले उनको शादी की बधाई दे रहे हैं तो वहीं कई लोग इस दान पर चुटकी ले रहे हैं । एक यूजर ने लिखा, भाई तुम कुछ भी बोलो पर दुनिया की नजर में इसको दहेज ही बोलते है, एक अन्य यूजर ने लिखा, लड़का बेच दिया और क्या चाहिए, एक अन्य यूजर ने लिखा अब ये लड़का घर जमाई बनकर रहेगा ।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई इस वीडियो पर 9 हज़ार से ज्यादा कमेंट किए गए हैं जबकि इस वीडियो को अब तक 16 मिलियन से ज्यादा व्यूज़ मिल चुके हैं । ये वीडियो 30 जनवरी को अपलोड किया गया था । वहीं यूट्यूब पर भी इस वीडियो के 1.8 मिलियन से ज्यादा व्यूज़ मिल चुके हैं ।

कौन है अरुण पंवार ?
अरुण पंवार गुरुग्राम के सोहना के पास इंडरी गांव के रहने वाले हैं । वो सोशल मीडिया पर ऑटोमोबाइल से जुड़ी वीडियोज़ बनाते हैं । अरुण ने साल 2019 में अपना यूट्यूब अकाउंट शुरु किया था जिस पर करीब 2.41 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं, फेसबुक पर 946K और इंस्टाग्राम पर 968K सब्सक्राइबर्स हैं ।
अरुण पंवार अपने यूट्यूब चैनल पर गाड़ियों के रिव्यू, नई गाड़ियों की जानकारी, माइलेज, फीचर्स और रीयल लाइफ ओनरशिप एक्सपीरियंस से जुड़े कंटेट अपलोड करते हैं ।

पलवल की लड़की से हुई शादी
सोहना के रहने वाले अरुण पंवार की शादी पलवल की रहने वाले तिथि सोनी के साथ हुई है । तिथि सोनी का परिवार मूल रुप से हथीन का रहने वाला है । अरुण पंवार की पत्नि तिथि MBBS की पढाई पूरी करने के बाद जयपुर से MD की पढाई कर रही है । उनका भाई रोहतक PGI में डॉक्टर है ।










