Crime News : पुलिस थाने से 50 कदम दूरी पर जेई से हाथापाई कर मोबाइल छीना, सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने गुरुग्राम पुलिस की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर लूट हुई, वहां से चंद कदमों की दूरी पर सिटी थाना और पुलिस लाइन स्थित है।

Crime News : दिल्ली से सटे गुरुग्राम में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं और उन्हें अब पुलिस का भी खौफ नहीं रहा। बदमाशों ने शहर के सबसे व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके सिटी थाने और पुलिस लाइन से महज 50 कदम की दूरी पर एक जूनियर इंजीनियर के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने रैपिड मेट्रो के जूनियर इंजीनियर से हाथापाई की और उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से चरखी दादरी के रहने वाले हार्दिक कुमार गुरुग्राम के सिकंदरपुर रैपिड मेट्रो स्टेशन पर पिछले ढाई साल से जूनियर इंजीनियर (JE) के पद पर तैनात हैं। वे गुरुग्राम बस स्टैंड के पास एक पीजी में रहते हैं। शनिवार रात साढ़े बजे जब हार्दिक अपनी ड्यूटी खत्म कर ऑटो से बस स्टैंड उतरे और पैदल अपने पीजी की ओर जा रहे थे, तभी गोशाला ग्राउंड स्थित शिव मंदिर के पास दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

हार्दिक ने बताया कि बदमाशों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आरोपियों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया। हार्दिक ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया और उनके पीछे भी भागे, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर आसानी से भागने में सफल रहे।

इस घटना ने गुरुग्राम पुलिस की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर लूट हुई, वहां से चंद कदमों की दूरी पर सिटी थाना और पुलिस लाइन स्थित है। पॉश और सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील इलाके में ऐसी वारदात होने से स्थानीय निवासियों और नौकरीपेशा लोगों में डर का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में सुरक्षा व्यवस्था पर भी निराशा जताई है। (Crime News)

सेक्टर-14 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर रविवार को मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (Crime News)

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button